एकदिवसीय क्रिकेट की 40वीं वर्षगांठ पर आईसीसी ने बुधवार को इस टीम की घोषणा की। आईसीसी ने अपनी पसंदीदा एकदिवसीय खिलाड़ियों को चुनने के लिए क्रिकेट प्रशंसकों को एक तय समय सीमा देते हुए उन्हें अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर आनलाइन वोट करने को का निर्देश दिया था।
तेंदुलकर और सहवाग को सलामी जोड़ी के रूप में चुना गया है जबकि कपिल टीम में एकमात्र हरफनमौला खिलाड़ी हैं। कपिल के अलावा तेज गेंदबाजी की कमान आस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्ग्राथ, पाकिस्तान के वसीम अकरम और दक्षिण अफ्रीका के एलन डोनाल्ड के कंधों पर है।
मध्यक्रम में वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा के अलावा तेंदुलकर के प्रेरणास्रोत माने जाने वाले वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान विलियन रिचर्ड्स और आस्ट्रेलिया के कप्तान रिकी पोंटिग को जगह दी गई है।
विकेटकीपर के तौर पर आस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट प्रशंसकों की पहली पसंद रहे हैं जबकि स्पिन गेंदबाज के तौर पर सबसे सफल टेस्ट और एकदिवसीय गेंदबाज श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन का चयन किया गया है।
एक जमाने में आस्ट्रेलिया को अपने दम पर कई मैच जिताने वाले मध्यक्रम के बल्लेबाज माइकल बेवन इस ड्रीम टीम में 12वां स्थान प्राप्त कर सके हैं।
प्रशंसकों ने अलग-अलग वर्गो में शामिल कुल 48 खिलाड़ियों में से इन 12 खिलाड़ियों का चयन किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।