चौथे दिन का खेल खत्म होने तक स्टीवन स्मिथ 40 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 24 रन बनाकर नाबाद लौटे जबकि पीटर सिडल 17 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं। दोनों के बीच 42 रनों की साझेदारी हो चुकी है। सिडल ने अपनी 28 गेंदों की पारी में तीन चौके लगाए हैं। मेजबान टीम ने अपना सातवां विकेट 171 रनों पर गंवाया था।
इंग्लैंड की ओर से जेम्स एंडरसन, क्रिस ट्रेमलेट और टिम ब्रेसनन ने दो-दो विकेट हासिल किए हैं। आस्ट्रेलिया की ओर से दूसरी पारी में कप्तान माइकल क्लार्क सर्वाधिक 41 रन बना सके जबकि शेन वॉटसन ने 38 और विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रैड हेडिन ने 30 रनों का योगदान दिया। फिलिप ह्यूज (13), उस्मान ख्वाजा (21) और मिशेल जानसन (0) ने निराश किया।
इंग्लैंड ने तीसरे दिन की समाप्ति तक सात विकेट पर 488 रन बनाए थे। दिन की समाप्ति तक विकेटकीपर बल्लेबाज मैट प्रायर 54 और गेंदबाजी में अपना कमाल दिखाने वाले टिम ब्रेसनन खाता खोले बगैर नाबाद लौटे थे। प्रायर ने आगे बढ़कर अपना शतक पूरा किया और 118 रन बनाकर आउट हुए। ब्रेसनन ने भी 35 रनों की बेहतरीन पारी खेली।
प्रायर ने 130 गेंदों की तेज पारी में 11 चौके और एक छक्का लगाया जबकि ब्रेसनन ने 103 गेंदों पर पांच चौके लगाए। दोनों ने आठवें विकेट के लिए 102 रन जोड़े। इसके बाद ग्रीम स्वान ने भी 36 रनों की नाबाद पारी खेली जबकि ट्रेमलेट ने 12 रन बनाए। मेजबान टीम की ओर से जानसन ने सर्वाधिक चार विकेट लिए जबकि बेन हिल्फेनहाल को तीन सफलता मिली।
इस मैच में इंग्लैंड की ओर से तीन शतक लगे। प्रायर के अलावा सलामी बल्लेबाज एलिस्टर कुक (189) ने इस श्रृंखला में अपना तीसरा और इयान बेल (115) ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला शतक लगाया था। कप्तान एंड्रयू स्ट्रास ने भी 60 रनों की पारी खेली थी।
पांच मैचों की श्रृंखला में मेहमान टीम 2-1 से आगे चल रही है। उसने एडिलेड और मेलबर्न में खेले गए दूसरे और चौथे टेस्ट मैच में पारी के अंतर से जीत हासिल की थी जबकि आस्ट्रेलिया ने पर्थ टेस्ट भारी अंतर से जीता था। ब्रिस्बेन टेस्ट बराबरी पर छूटा था। सिडनी में आस्ट्रेलिया का रिकार्ड शानदार रहा है। उसने 1996 के बाद से इस मैदान पर कुल 16 टेस्ट खेले हैं, जिनमें से 14 में उसकी जीत हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।