टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम ने नौ रन के कुल योग पर ही सलामी बल्लेबाज टिम मिशिंटोस (5) का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद ब्रेंडन मैक्लम (56) और मार्टिन गुपटिल (50) ने दूसरे विकेट के लिए 83 रन जोड़े।
77 गेंदों की पारी में सात चौके और दो छक्के लगाने वाले मैक्लम का विकेट 92 के कुल योग पर गिरा। कुल योग में सात रन जुड़े थे कि मेजबान टीम ने अपने भरोसेमंद बल्लेबाज रॉस टेलर (6) का भी विकेट गंवा दिया।
जेसी राइडर (22) ने गुपटिल के साथ चौथे विकेट के लिए 36 रन जोड़े लेकिन 135 के योग पर राइडर गुपटिल का साथ छोड़ गए। 158 रन के कुल योग पर मेजबान टीम ने गुपटिल का विकेट गंवाया। गुपटिल ने 164 गेंदों की पाकी में आठ चौके लगाए।
इसके बाद मेजबान टीम ने अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे रीस यंग (14) और कप्तान डेनियल विटोरी (0) का विकेट भी सस्ते में गंवा दिया। विटोरी का विकेट 177 रन के कुल योग पर गिरा।
इसके बाद केन विलियमसन (नाबाद 44) और टिम साउदी (नाबाद 56) ने आठवें विकेट के लिए 83 रन जोड़कर टीम को मुश्किल से उबारने का काम किया। विलियमसन ने 110 गेंदों पर पांच चौके लगाए हैं जबकि साउदी ने 81 गेंदों की अपनी तेज पारी में आठ बार गेंद को सीमा रेखा के बाहर भेजा है।
पाकिस्तान की ओर से अब्दुर रहमान ने उम्दा प्रदर्शन करते हुए 51 रन देकर तीन विकेट झटके हैं जबकि तनवीर अहमद को दो सफलता मिली है। एक विकेट स्ट्राइक गेंदबाज उमर गुल ने लिया है। जेसी राइडर वहाब रियाज द्वारा रन आउट किए गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।