डेक्कन चार्जर्स ने स्टेन को 5.5 करोड़ रुपए में खरीदा वहीं मुरलीधरन को कोच्चि ने 5.1 करोड़ रुपए की बोली लगाकर अपनी नई नवेली टीम में शामिल किया।
पिछले वर्ष दिल्ली डेयरडेविल्स की ओर से खेल चुके तेज गेंदबाज डर्क नैन्स को तीन करोड़ रुपए में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने खरीदा।
आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ब्रेट ली को कोलकाता नाइटराइडर्स ने 1.8 करोड़ रुपए में खरीदा। ली के हमवतन विस्फोटक बल्लेबाज डेविड वार्नर को दिल्ली डेयरडेविल्स ने खरीदा।
दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज मोर्न मोर्कल को 2.2 करोड़ रुपए की बोली लगाकर दिल्ली डेयरडेविल्स ने खरीदा वहीं न्यूजीलैंड के आरोन फिंच को भी डेयरडेविल्स ने 1.4 करोड़ रुपए में हासिल किया।
स्पिन गेंदबाज प्रज्ञान ओझा को 2.3 करोड़ रुपए में हैदराबाद डेक्कन चार्जर्स ने खरीदा जबकि ईशान्त शर्मा को 2.1 करोड़ रुपए और लेग स्पिन गेंदबाज अमित मिश्रा को 1.4 करोड़ रुपए में चार्जर्स ने ही खरीदा।
लेग स्पिनर पीयूष चावला को 4.1 करोड़ रुपए में जबकि तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार को 3.7 करोड़ रुपए में किंग्स इलेवन पंजाब ने खरीदा।
पिछले वर्ष आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन को चेन्नई सुपर किंग्स ने 3.9 करोड़ में जबकि डगलस बोलिंगर को 3.2 करोड़ रुपए में खरीदा। दोनों ने पिछले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रतिनिधित्व किया था।
स्पिन गेंदबाज रोमेश पवार को 82.8 लाख रुपए में कोच्चि की फ्रेंचाइजी ने खरीदा। तेज गेंदबाज आशीष नेहरा को 3.9 करोड़ रुपए में जबकि नाथन मैक्लम को 46 लाख रुपए में सहारा पुणे वॉरियर्स ने खरीदा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।