गम्भीर जहां बल्लेबाजों के मामलों में शीर्ष पर रहे वहीं गेंदबाजों की श्रेणी में स्टेन अव्वल रहे। आईपीएल के तीसरे संस्करण में दिल्ली डेयरडेविल्स टीम की कप्तानी कर चुके गम्भीर अब कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) की ओर से बल्लेबाजी करते हुए नजर आएंगे।
गम्भीर को केकेआर ने 11.04 करोड़ रुपये की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया। इसके साथ ही गम्भीर पहले दिन के सबसे महंगे खिलाड़ी रहे जबकि स्टेन को हैदराबाद डेक्कन चार्जर्स ने 5.5 करोड़ रुपये की बोली लगाकर खरीदा।
गम्भीर के अलावा दूसरे स्थान पर ट्वेंटी-20 के विशेषज्ञ खिलाड़ी माने जाने वाले हरफनमौला यूसुफ पठान रहे। यूसुफ को केकेआर ने 9.66 करोड़ रुपये में खरीदा। यूसुफ इससे पहले राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते रहे हैं।
भारतीय क्रिकट टीम से बाहर चल रहे कर्नाटक के विस्फोटक बल्लेबाज रोबिन उथप्पा और रोहित शर्मा की बोली ने भी सबको चौंकाया। उथप्पा को नई नवेली फ्रेंचाइजी पुणे ने 9.66 करोड़ रुपये में खरीदा। ज्ञात हो कि उथप्पा का बेस प्राइज 90 लाख रुपये था। इससे पहले वह रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर के लिए खेलते रहे हैं।
रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस ने 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा। रोहित इससे पहले डेक्कन चार्जर्स की ओर से खेलते रहे हैं। रोहित का बेस प्राइज 90 लाख रुपये था।
खराब फॉर्म और फिटनेस की समस्या से जूझ रहे तेज गेंदबाज इरफान पठान को दिल्ली डेयरडविल्स ने 8.74 करोड़ रुपये में खरीदा। इरफान इससे पहले किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से खेलते रहे हैं।
गेंदबाजी में दूसरे स्थान पर श्रीलंका के दिग्गज स्पिन गेंदबाज मुथैया मुरलीधरन रहे। मुरली को कोच्चि की फ्रेंचाइजी ने 5.1 करोड़ रुपये में खरीदा।
भारतीय क्रिकेट टीम के स्ट्राइक गेंदबाज जहीर खान तीसरे स्थान पर रहे। जहीर को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलौर ने 4.14 करोड़ रुपये में खरीदा। जहीर पिछले सत्र में मुम्बई इंडियंस की ओर से खेले थे।
तेज गेंदबाज शांताकुमारन श्रीसंत को कोच्चि की फ्रेंचाइजी ने 4.14 करोड़ रुपये में खरीदा। श्रीसंत इससे पहले किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से खेलते रहे हैं।
अशीष नेहरा को सहारा पुणे वॉरियर्स ने 3.9 करोड़ रुपये में खरीदा वहीं स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन को इतने ही करोड़ रुपये में चेन्नई सुपर किंग्स ने खरीदा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।