जोहांसबर्ग एकदिवसीय : पारी सम्भालने के बाद चलते बने युवराज (लीड-3)
अर्धशतक जमाने के बाद हालांकि युवराज के आउट होने से भारत के बड़ा स्कोर खड़ा करने की उम्मीदों को झटका लग गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 37 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 150 रन बना लिए। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी 29 रनों पर नाबाद हैं जबकि दूसरे छोर पर सुरेश रैना उनका साथ दे रहे हैं। उन्होंने अभी खाता नहीं खोला है। धौनी ने 29 रनों की पारी में अभी तक चार चौके लगाए हैं।
चौथे विकेट के लिए युवराज ने धौनी के साथ मिलकर 83 रनों की साझेदारी की। दोनों ने टीम इंडिया को मुश्किल से जरूर निकाला लेकिन 37वें ओवर की चौथी गेंद पर युवराज के आउट हो जाने से बड़ा स्कोर खड़ा करने की भारत की उम्मीदों को झटका लगा।
युवराज ने 53 रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 68 गेंदों का सामना किया और चार चौके लगाए। लय में दिख रहे युवराज लोनवाबे त्सोत्सोबे की एक गेंद को हिट करने के चक्कर में तेज गेंदबाज डेल स्टेन को कैच थमा बैठे।
भारत को पहला झटका मुरली विजय के रूप में लगा। मैच के आठवें ओवर में 26 के कुल योग पर वह आउट हुए। उन्हें तेज गेंदबाज लोनवाबे त्सोत्सोबे ने आउट किया। विजय ने 32 गेंदों पर 16 रन बनाए।
भारत को दूसरा झटका कोहली के रूप में लगा। 18वें ओवर में कोहली डेविड मिलर के एक सीधे थ्रो पर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हुए। कोहली ने 34 गेंदों पर एक चौके की मदद से 22 रन बनाए।
अगले ही ओवर में तेंदुलकर भी चलते बने। जोहान बोथा की एक गेंद को वह पढ़ने में पूरी तरह असफल रहे और क्लीन बोल्ड हो गए। सचिन ने 44 गेंदों पर 24 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने दो चौके भी लगाए।
दूसरे विकेट के लिए सचिन और कोहली के बीच 42 रनों की साझेदारी हुई। दोनों ही बल्लेबाज सम्भल कर खेल रहे थे और धीरे-धीरे पारी को मजबूत करने की कोशिश कर थे लेकिन महज छह गेंदों के अंतराल पर दोनों खिलाड़ियों के आउट हो जाने से भारत को तगड़ा झटका लगा है।
भारतीय टीम पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में 0-1 से पीछे है। दक्षिण अफ्रीका ने किंग्समीड मैदान पर खेले गए पहले एकदिवसीय मुकाबले में भारत को 135 रनों से हराया था।
दोनों ही टीमों ने इस मैच के लिए कोई परिवर्तन नहीं किया है और उन्हीं खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है जो डरबन में टीम में शामिल थे।
भारतीय टीम इस प्रकार है : महेंद्र सिंह धौनी (कप्तान), सचिन तेंदुलकर, मुरली विजय, सुरेश रैना, रोहित शर्मा, विराट कोहली, युवराज सिंह, हरभजन सिंह, जहीर खान, आशीष नेहरा और मुनाफ पटेल।
दक्षिण अफ्रीकी टीम इस प्रकार है : ग्रीम स्मिथ (कप्तान), हाशिम अमला, कोलिन इन्ग्राम, अब्राहम डिविलियर्स, जेपी ड्यूमिनी, डेविड मिलर, मोर्न मोर्कल, जोहान बोथा, वायने पार्नेल, डेल स्टेन और लोनवाबो त्सोत्सोबे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications