बोर्ड के पूर्व सचिव एस.के. नैय्यर ने सोमवार को कहा, "श्रीसंत बदकिस्मत रहे कि उनका विश्व कप टीम में चयन नहीं हुआ।"
नैय्यर ने कहा, "श्रीसंत ने हमेशा अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत टीम में जगह बनाई है। चौथे तेज गेंदबाज के रूप में विश्व कप टीम में उनकी जगह बनती थी लेकिन मुनाफ पटेल के दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ किए गए दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में शानदार गेंदबाजी के चलते उन्हें टीम में जगह मिली है।"
श्रीसंत वर्तमान में दक्षिण अफ्रीकी दौर पर टीम के साथ हैं लेकिन उन्हें पिछले दोनों एकदिवसीय मुकाबलों में खेलने का मौका नहीं मिला है।
कोच्चि के एक कॉलेज के छात्रों का कहना है, " तीन स्पिन गेंदबाजों की जरूरत नहीं थी। रविचंद्र अश्विन चेन्नई के हैं इसलिए चयनसमिति के मुख्य चयनकर्ता श्रीकांत ने उन्हें टीम में शामिल किया। चोटिल होने के बावजूद प्रवीण कुमार को जगह दी गई। विश्व कप टीम में श्रीसंत को चौथे तेज गेंदबाज के रूप में शामिल किया जा सकता था। श्रीसंत को बाहर किया जाना निराशाजनक है।"
इससे पहले, टीम की घोषणा के तुरंत बाद श्रीसंत ने ट्विटर पर लिखा था, "मेरा दिल टूट गया है.. लेकिन यह विश्वास की कमी ही होती है, जिसके चलते लोग चुनौतियों से घबराते हैं। और मुझे अपने ऊपर पूरा विश्वास है। मैं उन लोगों को धन्यवाद करना चाहता हूं जो इस समय मेरे साथ हैं। मैं हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने की कोशिश करता हूं।"
टीम को जीत की शुभकामना देते हुए श्रीसंत ने लिखा, "मैं टीम को अपनी शुभकामनाएं देता हूं। मुझे पूरा भरोसा है कि हम विश्व कप जीतेंगे। निश्चित तौर पर टीम से बाहर रहना मुझे बहुत खलेगा। मैं टीम का हिस्सा होकर विश्व कप जीतना चाहता था। शायद अब अगले विश्व कप में ..।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।