मेलबर्न। हाल में आस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीतने वाले विश्व के तीसरी वरीयता प्राप्त सर्बिया के टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविक की नजरें अब विश्व के शीर्ष टेनिस खिलाड़ी बनने पर हैं।
जोकोविक ने रविवार को पुरुषों के एकल स्पर्धा के खिताबी मुकाबले में इंग्लैंड के पांचवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी एंडी मरे को सीधे सेटों में 6-4, 6-2, 6-3 से हराकर दूसरी बार इस खिताब पर कब्जा जमाया था। विश्व रैंकिंग में नम्बर एक और दो पर वर्ष 2004 से स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर और स्पेन के राफेल नडाल का कब्जा रहा है।
समाचार पत्र 'द आस्ट्रेलियन' ने 23 वर्षीय जोकोविक के हवाले से लिखा, "मेरा लक्ष्य विश्व का शीर्ष खिलाड़ी बनना है। इसको प्राप्त करने के लिए मैं सब कुछ कर रहा हूं।"
जोकोविक ने कहा, "प्रत्येक वर्ष मैं एक लक्ष्य तैयार करके कोर्ट पर उतरता हूं क्योंकि मुझे अपनी क्षमता पर पूरा भरोसा है। मैंने अपने आप को सिद्ध किया और ग्रैंड स्लैम जीतने में सफल रहा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।