यह श्रृंखला दोनों देशों के बीच दिसम्बर में खेली गई उस सम्पूर्ण श्रृंखला का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत तीन टेस्ट मैच और पांच एकदिवसीय मैच खेले जाने थे लेकिन बारिश के कारण टेस्ट मैचों का परिणाम नहीं निकल पाने के बाद एकदिवसीय श्रंखला को जनवरी तक के लिए टाल दिया गया था। बाद में पांच की जगह तीन एकदिवसीय मैच कराने का फैसला किया गया था।
बहरहाल, सलामी बल्लेबाज एड्रियन बाराथ (113) के करियर के पहले शतक और रामनरेश सरवन (75) के उम्दा अर्धशतक की बदौलत वेस्टइंडीज ने श्रीलंका के सामने 246 रनों का लक्ष्य रखा है।
वेस्टइंडीज ने श्रृंखला की शुरुआत टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए की। लसिथ मलिंगा (50/3) की अच्छी गेंदबाजी के बावजूद निर्धारित 50 ओवरों की समाप्ति के बाद पांच विकेट के नुकसान पर वेस्टइंडीज ने 245 रन बनाए।
वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसने 42 रन के कुल योग पर वरिष्ठ सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल (4) और ड्वेन ब्रावो (8) के विकेट गंवा दिए थे लेकिन इसके बाद बाराथ और सरवन ने तीसरे विकेट के लिए 165 रन जोड़कर पारी का नक्शा ही बदल दिया।
119 गेंदों पर अपने करियर का पहला शतक पूरा करने वाले बाराथ ने 129 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौके और दो छक्के जड़े जबकि 24 मई, 2010 के बाद अपना पहला एकदिवसीय मैच खेल रहे सरवन ने विश्व कप की अपनी तैयारियों को अमली जामा पहनाते हुए 100 गेंदों पर चार चौके और एक छक्का लगाया।
केरन पोलार्ड हालांकि चार रन के व्यक्तिगत योग पर ही पेवेलियन लौट गए लेकिन अनुभवी शिवनारायण चंद्रपॉल (13) और डरेन सैमी (21) ने नाबाद रहते हुए टीम का कुल योग सम्मानजनक स्थिति तक पहुंचा दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।