न्यूजीलैंड द्वारा जीत के लिए रखे गए 263 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने आठ विकेट के नुकसान पर छह गेंद शेष रहते 264 रन बनाकर मैच जीत लिया।
पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसके सलामी बल्लेबाज मोहम्मद हाफीज 23 गेंदों पर दो चौंकों की मदद से 12 रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। हाफीज को तेज गेंदबाज हामिश बेनेट ने रॉस टेलर के हाथों कैच करवाया।
अहमद शहजाद ने 42 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 42 रन बनाए। उन्हें स्कॉट स्टायरिस की गेंद पर टेलर ने लपका। हाफीज और शहजाद के बीच पहले विकेट के लिए 43 रनों की साझेदारी हुई।
कामरान अकमल 30 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 20 रन बनाकर चलते बने। अकमल को स्टायरिस ने टेलर के हाथों कैच करवाया।
इसके बाद अनुभवी बल्लेबाज यूनिस खान (42) ने पारी को सम्भालने की कोशिश की और उन्होंने मिस्बाह के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 89 रन जोड़े। यूनिस रनआउट हुए। मिस्बाह ने 91 गेंदों पर सात चौके और एक छक्का लगाया। मिस्बाह को उनकी शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
इसके अलावा अब्दुल रज्जाक 23, उमर अकमल 10 और कप्तान शाहिद अफरीदी ने चार रन का योगदान दिया जबकि सोहेल तनवीर 14 रन पर नाबाद लौटे।
न्यूजीलैंड की ओर से स्टायरिस ने सर्वाधिक तीन विकेट झटके जबकि बेनेट और विटोरी के खाते में दो-दो विकेट गए।
इससे पहले, न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 262 रन बनाए थे।
न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। उसने 44 रन के कुल योग पर सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुपटिल (21), जेमी हाउ (13) और टेलर (4) के विकेट गंवा दिए थे।
गुपटिल ने 17 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का लगाया जबकि हाउ ने 29 गेंदों पर दो चौके लगाए।
इसके बाद फ्रेंकलिन और ब्रेंडन मैक्लम (37) ने छठे विकेट के लिए 62 रन जोड़े। फ्रेंकलिन ने नाथन के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी की।
नाथन ने विटोरी (नाबाद 13) के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए नाबाद 57 रन जोड़े। केन विलियमसन ने 15 जबकि स्टायरिस ने 11 रनों का योगदान दिया।
पाकिस्तान की ओर से तेज गेंदबाज वहाब रियाज ने सर्वाधिक तीन विकेट झटके जबकि रज्जाक, हाफीज और अफरीदी ने एक-एक विकेट चटकाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।