For Quick Alerts
ALLOW NOTIFICATIONS  
For Daily Alerts

सिडनी एकदिवसीय : आस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 2 विकेट से हराया (राउंडअप)

By Super

इंग्लैंड द्वारा दिए गए 334 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आस्ट्रेलिया की टीम ने आठ विकेट के नुकसान पर चार गेंद शेष रहते 334 रन बनाकर मैच जीत लिया।

आस्ट्रेलिया की ओर से पारी की शुरुआत शेन वॉटसन (51) और ब्रैड हैडिन (20) ने की। इन दोनों बल्लेबाजों ने धमाकेदार शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 71 रन जोड़े।

हैडिन ने 25 गेंदों पर एक चौका लगाया। उन्हें तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने मैट प्रायर के हाथों कैच करवाया। वॉटसन ने 34 गेंदों पर आठ चौके लगाए। वॉटसन को माइकल यार्डी ने एंड्रयू स्ट्रॉस के हाथों लपकवाया।

शॉन मार्श की जगह टीम में शामिल किए गए कैलम फग्यूर्सन ने 44 गेंदों पर 46 रनों की पारी खेली। उन्हें यार्डी के थ्रो पर प्रायर ने रनआउट किया।

मिशेल जॉनसन ने 59 गेंदों पर एक चौके और दो छक्के की मदद से 57 रन बनाए। उन्हें केविन पीटरसन की गेंद पर प्रायर ने स्टंप आउट किया। जॉनसन ने फग्र्यूसन के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 79 रनों की साझेदारी की।

कैमरन व्हाइट 21 गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की मदद से 20 रन बनाए। उन्हें स्टिवन फिन की गेंद पर इयोन मोर्गन ने लपका।

डेविड हसी ने 36 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 38 रनों की पारी खेली। उन्हें फिन ने प्रायर के हाथों कैच करवाया। हसी ने क्लार्क के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 90 रन जोड़े। स्टिवन स्मिथ बिना कोई रन बनाए रनआउट हो गए।

इसके बाद क्लार्क भी तेज गति से रन बनाने के चक्कर में रनआउट हो गए। उन्होंने 70 गेंदों पर चार चौके और एक छक्का लगाया। जॉन हेस्टिंग्स (7) और ब्रेट ली (2) नाबाद लौटे।

इंग्लैंड की ओर से फिन ने सर्वाधिक दो विकेट झटके जबकि एंडरसन, यार्डी और पीटरसन के खाते में एक-एक विकेट गया।

इससे पहले इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बेहतरीन फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज जोनाथन ट्रॉट (137) और स्ट्रॉस (63) की उम्दा बल्लेबाजी की बदौलत इंग्लैंड ने छह विकेट पर 333 रन बनाए। ट्रॉट को उनकी शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

इंग्लैंड की ओर से पारी की शुरुआत स्ट्रॉस और प्रायर ने की। प्रायर 23 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 18 रन बनाकर तेज गेंदबाज जॉनसन का शिकार हो गए।

प्रायर के आउट होने के बाद स्ट्रॉस (63) ने पारी को सम्भालने की कोशिश की और उन्होंने ट्रॉट (137) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 80 रन जोड़े। स्ट्रॉस ने 69 गेंदों पर छह चौके लगाए जबकि ट्रॉट ने 126 गेंदों पर 11 चौके लगाए।

स्ट्रॉस को स्मिथ ने हसी के हाथों लपकवाया जबकि ट्रॉट शॉन टेट की गेंद पर उन्हीं को कैच थमाकर चलते बने।

पीटरसन ने 34 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 29 रन बनाए। उन्हें ब्रेट ली ने स्मिथ के हाथों कैच करवाया। पीटरसन ने ट्रॉट के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 68 रनों की साझेदारी की। पीटरसन का विकेट 189 रन के कुल योग पर गिरा।

इयान बेल 32 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 45 रन बनाकर पेवेलियन लौटे। बेल को टेट ने क्लार्क के हाथों लपकवाया। बेल ने ट्रॉट के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 104 रनों की साझेदारी की। मोर्गन सात रन के निजी योग पर वॉटसन के शिकार हुए।

पॉल कोलिंगवुड सात रन जबकि क्रिस वोक्स बिना खाता खोले नाबाद लौटे। आस्ट्रेलिया की ओर से टेट ने दो विकेट चटकाए जबकि ली, जॉनसन, स्मिथ और वॉटसन के खाते में एक-एक विकेट गया।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:56 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+