कपिल ने धौनी को दी आक्रामक कप्तानी करने की सलाह
नई दिल्ली, 7 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम को एकमात्र विश्व कप खिताब दिलाने वाले पूर्व कप्तान कपिल देव ने मौजूदा कप्तान महेंद्र सिंह धौनी को मैदान में आक्रामक रणनीति अपनाने की सलाह दी है। साथ ही कपिल ने धौनी से कहा कि उन्हें टीम को सफलता दिलाने के लिए अपने करियर के शुरुआती दौर की तरह जोरदार बल्लेबाजी करनी होगी।
कपिल ने धौनी की टीम की तारीफ करते हुए कहा कि धौनी के साथी खिलाड़ी उनके साथी खिलाड़ियों की तुलना में कहीं अधिक प्रतिभाशाली हैं।
कपिल ने आईएएनएस को दिए एक साक्षात्कार में कहा, "आज की टीम हमारी टीम से बेहतर है। हालांकि इसके बावजूद इस टीम को विश्व कप जीतने के लिए काफी ज्यादा मेहनत करनी होगी।"
"मेरा दिल कहता है कि इस बार हमारी टीम विश्व कप जरूर जीतेगी लेकिन मेरा मन कहता है कि तमाम प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बावजूद इस टीम को खिताबी जीत हासिल करने के लिए काफी पसीना बहाना होगा। वैसे हालात के हिसाब से इस टीम के पास मौका भी है और इस सपने को सच बनाने के लिए जरूरी प्रतिभा भी है।"
कपिल का मानना है कि धौनी को अपने करियर के शुरुआती दौर के अंदाज में बल्लेबाजी करनी चाहिए। कपिल ने कहा, "बल्लेबाजी के प्रति धौनी का मौजूदा रुख निराशाजनक है। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में आने के साथ धौनी ने पावर-बैटिंग को एक नया आयाम दिया था लेकिन आज उनके उस अंदाज की कमी खलती है। मैं मानता हूं कि समय के साथ आपकी शैली बदल सकती है लेकिन खेल में आक्रमकता और अंदाज बनी रहनी चाहिए। मैं तो आक्रामक धौनी को बल्लेबाजी करते देखना चाहता हूं।"
"जहां तक कप्तानी की बात है तो धौनी में इसके लिए सभी जरूरी गुण हैं। वह निर्भिक हैं और कठिन हालात से निकलना अच्छी तरह जानते हैं। कुल मिलाकर एक कप्तान के तौर पर उनके अंदर कई विशेषताए हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications