भारत के साथ खेली गई पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में दक्षिण अफ्रीका को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले सोत्सोबे गेंदबाजों की सूची में 38 स्थान की लम्बी छलांग के साथ 10वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
दूसरी ओर, मोर्कल को 10 स्थान का फायदा हुआ है और वह अब दूसरे क्रम पर पहुंच गए हैं। न्यूजीलैंड के क्रिकेट कप्तान डेनियल विटोरी इस सूची में शीर्ष पर हैं जबकि बांग्लादेश के स्पिनर अब्दुर रज्जाक एक स्थान के नुकसान के साथ तीसरे क्रम पर हैं।
इस सूची में भारत के प्रवीण कुमार को सात स्थान का नुकसान उठाना पड़ा है। चोट के कारण एकदिवसीय श्रृंखला नहीं खेल सके प्रवीण 17वें स्थान पर हैं जबकि ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह दो स्थान के फायदे के साथ 20वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
बल्लेबाजों की सूची में दक्षिण अफ्रीका के हाशिम आमला बीते सप्ताह की तरह इस सप्ताह भी पहले क्रम पर विराजमान हैं। इसी तरह दक्षिण अफ्रीका के ही अब्राहम डिविलियर्स ने भी अपना दूसरा क्रम बरकरार रखा है।
भारत के विराट कोहली भी डिविलियर्स के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। कोहली तीन स्थान के फायदे के साथ यहां तक पहुंचे हैं। आस्ट्रेलिया के माइकल हसी को एक स्थान का नुकसान हुआ है और वह चौथे क्रम पर हैं।
भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी पांचवें क्रम पर हैं जबकि सलामी बल्लेबाज गौतम गम्भीर शीर्ष-10 में बने हुए हैं। गम्भीर नौवें क्रम पर हैं। वीरेंद्र सहवाग को हालांकि शीर्ष-10 से बाहर होना पड़ा है। सहवाग को एक स्थान का नुकसान हुआ है और वह 11वें स्थान पर हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।