हमारा ध्यान तैयारी पर है, दबाव पर नहीं : धौनी (लीड-2)
विश्व कप से पहले धौनी ने गुरुवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "जब विश्व कप होता है तो इसे लेकर बहुत ज्यादा माहौल बनाया जाता है लेकिन जब भी हम कोई श्रृंखला खेलते हैं लोगों की उम्मीदें ज्यादा होती है।"
धौनी ने कहा कि वह विश्व कप कार्यक्रम से खुश हैं। दरअसल कुछ मैचों में छह दिन का अंतर होने की वजह से कुछ टीमों ने विश्व कप कार्यक्रम की आलोचना की है। धौनी ने यह भी कहा कि उन्हें भारतीय टीम में तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार की कमी खलेगी।
धौनी ने कहा, "विश्व कप कार्यक्रम को पूरी तरह से सही बना पाना बहुत मुश्किल है। टूर्नामेंट का कार्यक्रम या तो बहुत लम्बा होगा या बहुत छोटा।"
उन्होंने कहा, "मैं कार्यक्रम से खुश हूं। इससे हमें छोटी-छोटी कमियों को दूर करने का समय मिलेगा।" धौनी ने 45 दिन तक चलने वाले विश्व कप के लिए अपनी टीम के तैयारी कैम्प के दूसरे दिन यह बात कही। ढाका में 19 फरवरी को भारत व बांग्लादेश के बीच मैच के साथ विश्व कप की शुरुआत होगी। भारत, बांग्लादेश और श्रीलंका इसकी मेजबानी करेंगे।
इंग्लैंड के केविन पीटरसन ने विश्व कप कार्यक्रम की आलोचना की थी। उन्होंने उनकी टीम द्वारा खेले जाने वाले मैचों में छह दिन के अंतराल पर सवाल उठाया था।
धौनी ने कहा कि उनकी टीम को कुहनी की चोट से उबर रहे तेज गेंदबाद प्रवीण कुमार की कमी खलेगी। प्रवीण के स्थान पर शांताकुमारन श्रीसंत को लिया गया है।
धौनी ने कहा, "यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि विश्व कप में प्रवीण नहीं होंगे। वह अच्छे क्रिकेटर हैं और हमें उनकी कमी खलेगी।"
उन्होंने किसी खिलाड़ी का नाम लिए बिना कहा कि कुछ क्रिकेटरों को छोटी-मोटी शिकायतें हैं लेकिन कोई गम्भीर परेशानी नहीं है। भारतीय टीम यहां आस्ट्रेलिया के साथ अपना पहला अभ्यास मैच खेलेगी।
धौनी ने कहा, "विश्व कप में आप किसी भी टीम को हल्के में नहीं ले सकते। मुझे लगता है कि कई ऐसी टीमें हैं जिनका गेंदबाजी आक्रमण काफी धारदार है।"
धौनी ने कहा, "हम सचिन तेंदुलकर के लिए विश्व कप जीतना चाहते हैं। तेंदुलकर के लिए शायद यह अंतिम विश्व कप होगा। हमारी टीम में कई ऐसे युवा प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं जो मैच का रूख मोड़ने का दमखम रखते हैं। इन सभी खिलाड़ियों के पास तीन से चार वर्ष का अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का अनुभव है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications