आस्ट्रेलिया की ओर से शेन वाटसन और टिम पेन ने पारी की शुरुआत की। वाटसन ने 26 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 33 रनों की तेज पारी खेली। आठवें ओवर में शांताकुमारन श्रीसंत की गेंद पर पीयूष चावला ने उनका शानदार कैच लपका। उस समय टीम का स्कोर 51 रन था।
वाटसन के आउट होने के बाद कप्तान रिकी पोंटिंग ने पेन के साथ मोर्चा संभाला। पेन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए उन्होंने अब तक 36 रन जोड़े हैं। पेन 39 गेंदों पर 26 रन बनाकर मैदान पर जमे हुए हैं वहीं पोंटिंग 25 गेंदों पर 19 रन बनाकर नाबाद हैं।
आस्ट्रेलिया को इस मैच को जीतने के लिए शेष 35 ओवरों में 130 रनों की आवश्यकता है जबकि उसके नौ विकेट अभी शेष हैं।
इससे पहले, भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पारी की शुरुआत सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और गौतम गम्भीर ने की। हालांकि शुरुआत अच्छी नहीं रही और गम्भीर छह रन के निजी योग पर तेज गेंदबाज डग बोलिंगर की गेंद पर कैमरन व्हाइट को कैच थमाकर पेवेलियन लौट गए। गम्भीर का विकेट 12 के कुल योग पर गिरा।
विराट कोहली ने कुछ अच्छे शॉट्स लगाए लेकिन वह भी 33 गेंदों पर 21 रन बनाकर चलते बने। कोहली को जॉन हेस्टिंग्स ने डेविड हसी के हाथों लपकवाया। कोहली ने सहवाग के साथ दूसरे विकेट के लिए 42 रन जोड़े। कोहली का विकेट 54 के कुल योग पर गिरा।
युवराज सिंह एक रन पर मिशेल जानसन की गेंद पर ब्रैड हैडिन के हाथों लपके गए। युवराज का विकेट 63 रन के योग पर गिरा।
कप्तान महेंद्र सिंह धौनी 24 गेंदों पर 11 रन बनाकर हैस्टिंग्स के शिकार हुए। धौनी ने सहवाग के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 38 रन जोड़े। धौनी का विकेट 101 के योग पर गिरा। चोट से वापसी कर रहे सहवाग ने 56 गेंदों पर आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 54 रन बनाए। सहवाग का विकेट 113 के योग पर गिरा।
फॉर्म की तलाश कर रहे सुरेश रैना 16 गेंदों पर एक चौके की मदद से 12 रन बनाकर तेज गेंदबाज ब्रेट ली की गेंद पर टिम पायन को कैच थमाकर चलते बने।
रैना का विकेट 132 के योग पर गिरा। हरभजन सिंह चार रन के निजी योग पर ली की गेंद पर बोल्ड हो गए। हरभजन का विकेट 136 के योग पर गिरा।
पीयूष चावला बिना खाता खोले ली की गेंद पर बोल्ड हो गए। चावला का विकेट 138 के योग पर गिरा। हरफनमौला यूसुफ पठान 39 गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 32 रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। डेविड हसी ने यूसुफ को क्रेजा के हाथों लपकवाया। यूसुफ ने रविचंद्रन अश्विन के साथ मिलकर नौंवे विकेट के लिए 49 रन जोड़े।
आशीष नेहरा ने 24 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 19 रन बनाकर हसी की गेंद पर क्रेजा को कैच थमाकर चलते बने। रविचंद्रन अश्विन 25 रन पर नाबाद लौटे। अश्विन ने 46 गेंदों पर दो चौके लगाए। नेहरा और अश्विन ने अंतिम विकेट के लिए 27 रन जोड़े।
आस्ट्रेलिया की ओर से ली ने सर्वाधिक तीन विकेट झटके जबकि हैस्टिंग्स और हसी ने दो-दो विकेट चटकाए वहीं बोलिंगर, जानसन और क्रेजा के खाते में एक-एक विकेट गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।