नेशनल बैंक की टीम पाकिस्तान के घरेलू क्रिकेट की सबसे सशक्त टीमों में से एक है लेकिन इस बैंक ने आईसीसी द्वारा प्रतिबंधित किए जाने के बाद से इन तीनों खिलाड़ियों के करार का नवीकरण करने से इंकार कर दिया।
साथ ही साथ बैंक ने इन खिलाड़ियों को नौकरी से भी निकाले जाने की सूचना दे दी है। पूर्व टेस्ट खिलाड़ी और बैंक के वरिष्ठ अधिकारी इकबाल कासिम ने समाचार पत्र 'द न्यूज' से बातचीत में कहा, "हमने तीनों को नौकरी से निकाल दिया है।"
बट्ट, आसिफ और आमेर को इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए टेस्ट मैच के दौरान स्पॉट फिक्सिंग का दोषी पाया गया था। इसका खुलासा एक समाचार पत्र ने सटोरिये पर किए गए अपने स्टिंग ऑपरेशन के माध्यम से किया था।
मामले का खुलासा होने और इस सम्बंध में तीन स्तरों पर जांच शुरू होने के बाद आईसीसी ने तीनों को निलम्बित कर दिया था। बाद में आईसीसी ने तीनों खिलाड़ियों को अपने निलम्बन के खिलाफ अपील करने की छूट दी थी।
बट्ट और आमेर ने इसके खिलाफ अपील की थी लेकिन आसिफ ने इससे इंकार कर दिया था। आईसीसी ने अपनी अंतिम चरण की सुनवाई में बट्ट पर 10 वर्ष, आसिफ पर सात वर्ष और आमेर पर पांच वर्ष का प्रतिबंध लगाया था। इन खिलाड़ियों को फिक्सिंग के आरोपों के कारण विश्व कप टीम से भी बाहर रखा गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।