भारत ने अब तक 22 ओवर की बल्लेबाजी की है। गम्भीर और कोहली तीसरे विकेट के लिए 64 रन जोड़ चुके हैं। गम्भीर ने 34 गेंदों पर एक चौका लगाया है जबकि कोहली ने 45 गेंदों पर चार बार गेंद को सीमा रेखा के बाहर भेजा है।
भारत ने 42 रन के कुल योग पर वीरेंद्र सहवाग के रूप में अपना दूसरा विकेट गंवाया था। इससे ठीक पहले 35 रन के कुल योग पर सचिन तेंदुलकर पेवेलियन लौटे थे।
तेंदुलकर 23 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 17 रन बनाने के बाद टिम साउदी की गेंद पर बोल्ड हुए थे। इससे ठीक पहले तेंदुलकर ने साउदी की गेंद पर चौका लगाया था लेकिन सीधे मिडिल स्टम्प की ओर आती अगली गेंद को वह ठीक से पढ़ नहीं सके। गेंद उनके बल्ले से लगने के बाद विकेट में घुस गई।
सहवाग को जैकब ओरम ने बोल्ड किया। आस्ट्रेलिया के खिलाफ अर्धशतक लगाने वाले सहवाग ने 30 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके लगाए। वह ओरम की नीची लेकिन सीधी गेंद पर बोल्ड हुए।
दोनों टीमों का यह दूसरा अभ्यास मैच है। भारत ने बीते रविवार को बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए अपने पहले अभ्यास मैच में आस्ट्रेलिया को मात दी थी जबकि न्यूजीलैंड ने आयरलैंड को पराजित किया था।
न्यूजीलैंड की टीम अपने नियमित कप्तान डेनियल विटोरी के बगैर मैदान में उतरी है। उनकी गैरमौजूदगी में रॉस टेलर टीम की कमान सम्भाल रहे हैं।
विश्व कप अभ्यास मैच के नियमों के अनुसार इस मैच में दोनों टीमों को अपने सभी 15 खिलाड़ियों को आजमाने का मौका मिलेगा। बल्लेबाजी और गेंदबाजी के दौरान दोनों टीमें अपने सभी खिलाड़ियों को मौका दे सकती हैं लेकिन एक वक्त में 11 खिलाड़ी ही मैदान में रहेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।