अभ्यास मैच : इंग्लैंड ने कनाडा को 16 रनों से हराया (लीड-4)
इंग्लैंड द्वारा रखे गए 244 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कनाडा की पूरी टीम 46.1 ओवरों में 227 रन ही बना सकी। इंग्लैंड ने 49.4 ओवरों में 243 रन बनाए थे।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और उसके सलामी बल्लेबाज एंड्रयू स्ट्रॉस एक रन के निजी योग पर खुर्रम चौहान की गेंद पर आशीष बगाई को कैच थमाकर चलते बने।
केविन पीटरसन भी 28 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाकर चलते बने। चौहान ने पीटरसन को बोल्ड किया। पीटरसन ने जोनाथन ट्रॉट के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 46 रन जोड़े।
इयान बेल 19 गेंदों पर एक चौके की मदद से आठ रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। बेल को चौहान ने बगाई के हाथों लपकवाया। पॉल कोलिंगवुड ने नौ रन बनाए। कोलिंगवुड को बालाजी राव ने बगाई के हाथों कैच करवाया।
ट्रॉट ने पारी को सम्भालने की कोशिश की और उन्होंने 81 गेंदों पर चार चौकों की मदद से शानदार 57 रनों की पारी खेली। ट्रॉट को जॉन डेविसन ने पार्थ देसाई के हाथों कैच करवाया। ट्रॉट ने मैट प्रायर के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 54 रन जोड़े।
माइकल यार्डी ने छह रन बनाए जबकि ल्यूक राइट बिना खाता खोले पेवेलियन लौटे। यार्डी को हेनरी ओसिन्दे ने जुबिन सरकारी के हाथों लपकवाया। राइट को ओसिन्दे ने पगबाधा आउट किया।
स्टुअर्ट ब्रॉड ने 27 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 22 रन बनाए। ब्रॉड ने प्रायर के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 51 रन जोड़े।
प्रायर ने 80 गेंदों पर चार चौके और एक छक्का लगाया। प्रायर को हरवीर बैदवान ने बोल्ड किया। अजमल शहजाद ने आठ गेंदों पर एक छक्के की मदद से 10 रन बनाए। शहजाद को बैदवान ने रिजवान चीमा के हाथों कैच करवाया। जेम्स ट्रेडवेल 11 रन पर नाबाद लौटे।
कनाडा की ओर से चौहान और बैदवान ने तीन-ती विकेट झटके जबकि ओसिन्दे के खाते में दो विकेट गया वहीं राव और डेविसन ने एक-एक विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कनाडा की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसके सलामी बल्लेबाज डेविसन एक रन के निजी योग पर अजमल शहजाद की गेंद पर बोल्ड हो गए।
नीतीश कुमार तीन रन के योग पर तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड की गेंद पर बोल्ड हुए। कुमार का विकेट छह के योग पर गिरा। बगाई नौ गेंदों पर एक चौके की मदद से पांच रन बनाकर चलते बने। बगाई को ब्रॉड की गेंद पर पीटरसन ने लपका।
जिम्मी हंसरा ने एक रन बनाए। हंसरा को शहजाद ने पगबाधा आउट किया। रुविन्दू गुणासेकरा ने 16 गेंदों पर सात रन बनाए। गुणासेकरा को ब्रॉड ने प्रायर के हाथों लपकवाया।
जुबिन सरकारी ने 45 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 22 रन बनाए। सरकारी को यार्डी ने कोलिंगवुड के हाथों कैच करवाया। रिजवान चीमा ने 70 गेंदों पर 10 चौकों और पांच छक्कों की मदद से 93 रन बनाए। सरकारी ने रिजवान चीमा के साथ मिलकर छठें विकेट के लिए 68 रन जोड़े।
हीरल पटेल ने 25 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 13 रन बनाए। पटेल ने चौहान के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी की। कोलिंगवुड ने पटेल को स्ट्रॉस के हाथों कैच करवाया।
बैदवान ने 17 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 14 रन बनाए। बैदवान को ट्रेडवेल ने कोलिंगवुड के हाथों लपकवाया। चौहान ने 75 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 44 रन बनाए। चौहान को ब्रॉड ने पगबाधा आउट किया जबकि बालाजी राव छह रन पर नाबाद लौटे।
इंग्लैंड की ओर से ब्रॉड ने पांच विकेट झटके जबकि शहजाद ने दो विकेट चटकाए वहीं याडी, ट्रेडवेल और कोलिंगवुड के खाते में एक-एक विकेट गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications