क्रिकेट विश्व कप : दुल्हन की तरह सजा बंगबंधु स्टेडियम
बांग्लादेश की राजधानी में विश्व कप के मद्देनजर सुरक्षा मुस्तैद कर दी गई है। ढाका 43 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। विश्व कप के मैच तीन देशों के 13 आयोजन स्थलों पर खेले जाएंगे।
उद्घाटन समारोह के दौरान 135 मिनट का रंगारंग कार्यक्रम होगा, जिसके अंतर्गत गीत, संगीत, नृत्य और लेजर शो के जरिए दर्शकों का मन मोहने का प्रयास किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह में बांग्लादेश में आम आदमी की सवारी रिक्शा आकर्षण का केंद्र होगा। विश्व कप में भाग ले रहे सभी देशों के कप्तान रिक्शे पर सवार होकर बंगबंधु स्टेडियम में प्रवेश करेंगे।
बांग्लादेश में टूर्नामेंट के निदेशक अली अहसान बाबू ने बताया, "रिक्शा हमारे पारम्परिक परिवहन का साधन है। यह बांग्लादेश की धरोहर का एक हिस्सा है। इसलिए हम इसे मेहमानों के समक्ष प्रस्तुत करना चाहते हैं। सभी 14 देशों के कप्तान रिक्शे पर सवार होकर स्टेडियम में दाखिल होंगे।"
बाबू ने कहा, "हमारे यहां के रिक्शों की पहचान उनकी रंगों की विविधता है। हम मेहमानों के समक्ष कलात्मक रूप से निर्मित रिक्शों को पेश करेंगे। रोशनी की अच्छी व्यवस्था की गई है, इससे स्टेडियम के प्रत्येक कोने से यह नजारा अच्छी तरह दिखेगा।"
उद्घाटन समारोह के पांच हिस्सों में रिक्शों का प्रदर्शन सबसे पहले किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में विश्व कप की मेजबानी करने वाले तीनों देशों भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश की संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
समारोह में भारतीय गायक शंकर, एहसान और लॉय अपनी मधुर आवाजों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
उद्घाटन के दो दिनों के बाद विश्व कप का पहला मैच मेजबान बांग्लादेश और सह-मेजबान भारत के बीच ढाका के बाहरी इलाके मीरपुर में स्थित शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में खेला जाएगा।
विश्व कप का आयोजन पहली बार बांग्लादेश में हो रहा है। भारत तीसरी बार इसकी मेजबानी कर रहा है जबकि श्रीलंका को दूसरी बार मेजबानी का हक मिला है।
भारत ने सबसे पहले 1987 में अपने और पाकिस्तान के प्रयासों से विश्व कप को सफल बनाया था। इसके बाद 1996 में विश्व कप एक बार फिर भारतीय उपमहाद्वीप लौटा। इस दौरान श्रीलंका ने बतौर मेजबान भारत की मदद की थी।
विश्व कप के 10वें संस्करण में कुल 14 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इन टीमों के बीच 43 दिनों के भीतर कुल 49 मैच खेले जाने हैं। इनमें से 29 मैच भारत में होने हैं जबकि श्रीलंका में 12 मैचों का आयोजन होना है। बांग्लादेश को आठ मैचों की मेजबानी मिली है।
इस विश्व कप के लिए पाकिस्तान को भी सह-मेजबान बनाया गया था लेकिन मार्च 2009 में श्रीलंकाई खिलाड़ियों पर हुए आतंकवादी हमले के बाद आईसीसी ने पाकिस्तान से मेजबानी छीन ली थी। पाकिस्तान के हिस्से 14 मैच थे। पाकिस्तान अब भी आधिकारिक सह-मेजबान है लेकिन उसके सभी मैच श्रीलंका में खेले जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications