अगले एकदिवसीय विश्व कप में हिस्सा लेंगी 10 टीमें
ढाका, 18 फरवरी (आईएएनएस)। आईसीसी विश्व कप (50 ओवर) के 11वें संस्करण में 14 की बजाय 10 टीमें हिस्सा लेंगी जबकि आगामी ट्वेंटी-20 विश्व कप में हिस्सा लेनी वाली टीमों की संख्या 12 से बढ़कर 16 हो जाएंगी।
भारत, बांग्लादेश और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में हो रहे आईसीसी विश्व कप के 10वें संस्करण में कुल 14 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
आईसीसी ने विश्व कप के आयोजन के सम्बंध में किए गए फेरबदल की शुक्रवार को जानकारी दी। आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हारून लागार्ट ने इस दौरान भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश को खुशी प्रदान करने वाली खबर दी। तीनों टीमें इस विश्व कप के नॉकआउट दौर तक अपने सभी मैच अपने ही देश में खेलेंगी।
लोगार्ट ने कहा, "आने वाले दिनों में कमतर रैंकिंग वाली टीमों को विश्व कप में शामिल नहीं किया जाएगा। इस फारमेट में ज्यादा से ज्यादा निपुण खिलाड़ियों की जरूरत होती है। यही कारण है कि हमने आगामी विश्व कप से टीमों की संख्या घटाकर 10 कर दी है लेकिन ट्वेंटी-20 विश्व कप में 12 की बजाय 16 टीमें हिस्सा ले सकती हैं।"
लोगार्ट ने कहा कि ट्वेंटी-20 क्रिकेट नई टीमों के कम निपुण खिलाड़ियों को अपने आप में खपा सकता है लेकिन एकदिवसीय मुकाबलों और खासकर विश्व कप के लिए बेहद निपुण खिलाड़ियों की जरूरत होती है।
मौजूदा विश्व कप की मेजबान टीमों को क्वार्टर फाइनल तक अपने ही घर में खेलने देने सम्बंधी आईसीसी के फैसले के बारे में विस्तार से बताते हुए लोगार्ट ने कहा कि जैसे ही यह निर्धारित हो जाएगा कि क्वार्टर फाइनल में किन टीमों का सामना किससे होगा तब आयोजन स्थलों में लीग स्तर पर टीमों की स्थिति को देखते हुए परिवर्तन किया जाएगा।
इस फैसले के बाद अब श्रीलंका को अपना क्वार्टर फाइनल मुकाबला (यहां तक पहुंचने की स्थिति में) कोलम्बो में खेलना होगा जबकि बांग्लादेश को ढाका में और भारत को अहमदाबाद में खेलना होगा। भारत अगर ग्रुप बी में दूसरे स्थान पर रहता है तो उसे ग्रुप ए की तीसरे क्रम की टीम से साथ भिड़ना होगा।
भारतीय टीम अगर अपने ग्रुप में शामिल शीर्ष-4 टीमों में से पहले स्थान पर रहती है तो भी उसे अहमदाबाद में ही अपना क्वार्टर फाइनल मैच खेलना होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications