क्रिकेट विश्व कप : बांग्लादेश के 200 रन पूरे (लीड-12)
कप्तान शाकिब अल हसन ने 37 गेंदों पर तीन चौकों की सहायता से 39 रन बनाए हैं जबकि मुशफिकुर रहीम छह रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं। बांग्लादेश ने 188 रन के कुल योग पर तमीम इकबाल (70) के रूप में अपना तीसरा विकेट गंवाया।
तमीम ने 86 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का लगाया। दूसरे विकेट के रूप में जुनैद सिद्दीकी 52 गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की मदद से 37 रन बनाने के बाद हरभजन सिंह की गेंद पर महेंद्र सिंह धौनी द्वारा स्टम्प कर दिए गए।
बांग्लादेश का यह विकेट 129 रन के कुल योग पर गिरा। जुनैद ने तमीम इकबाल के साथ दूसरे विकेट के लिए 73 रन जोड़े। बांग्लादेश ने अच्छी शुरुआत के बाद इमरुल कायेस के रूप में अपना पहला विकेट 56 रन के कुल योग पर गंवाया था। कायेस 34 रन बनाने के बाद मुनाफ पटेल की गेंद पर बोल्ड हुए।
इससे पहले अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ एकदिवसीय पारी खेलने वाले दिग्गज सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग (175) और विश्व कप के पहले ही मैच में शतक लगाने वाले विराट कोहली (नाबाद 100) के सराहनीय प्रदर्शन की बदौलत भारत ने बांग्लादेश के सामने 371 रनों का लक्ष्य रखा।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवरों की समाप्ति पर चार विकेट के नुकसान पर 370 रन बनाए। सहवाग ने 140 गेंदों की अपनी तूफानी पारी के दौरान 14 चौके और पांच गगनचुम्बी छक्के लगाए जबकि चौथे क्रम की जिम्मेदारी को बखूबी निभाते हुए कोहली ने 83 गेंदों पर आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से 100 रनों की नाबाद पारी खेली।
पारी की पहली ही गेंद के साथ शानदार लय में दिख रहे सहवाग अपने एकदिवसीय करियर का 14वां और विश्व कप का दूसरा शतक लगाने में सफल रहे। यह उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत योग है। सहवाग ने इस पारी के दौरान अपने पिछले व्यक्तिगत सर्वोच्च स्कोर (146) को पीछे छोड़ा।
सहवाग ने विश्व कप में अब तक की पांचवीं सबसे बड़ी पारी खेली। वह एक रन के अंतर से कपिल देव का रिकार्ड नहीं तोड़ सके। कपिल ने 1983 विश्व कप के दौरान जिम्बाब्वे के खिलाफ 175 रनों की नाबाद पारी खेली थी। कपिल देव के बाद सहवाग ने विश्व कप में भारत की ओर से दूसरी सबसे बड़ी पारी खेली। पहले स्थान पर सौरव गांगुली (183) हैं।
सहवाग और कोहली की शतकीय पारियों के अलावा सर्वाधिक एकदिवसीय मैच खेलने का श्रीलंका के सनत जयसूर्या (444 मैच ) का रिकार्ड अपने नाम करने वाले सचिन तेंदुलकर ने 28 और गौतम गम्भीर ने 39 रनों का योगदान दिया। 445वां एकदिवसीय मैच खेल रहे तेंदुलकर ने सहवाग के साथ पहले विकेट के लिए 69 रन जोड़े जबकि गम्भीर ने सहवाग के साथ दूसरे विकेट के लिए 83 रनों की साझेदारी की।
इस मैच की खासियत कोहली और सहवाग के बीच तीसरे विकेट के लिए की गई 203 रनों की साझेदारी रही। मीरपुर में यह किसी भी टीम का सर्वोच्च योग है। साथ ही विश्व कप में भारत का यह तीसरा और सभी टीमों के बीच पांचवां सर्वश्रेष्ठ योग है। भारत के नाम विश्व कप में 400 रन बनाने का रिकार्ड है।
तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी के लिए मशहूर यूसुफ पठान (8) के लिए इस मैच में ज्यादा कुछ करने को नहीं था। कोहली के साथ चौथे विकेट के लिए 15 गेंदों पर 15 रन जोड़ने के बाद पठान पारी की अंतिम गेंद पर आउट हुए। उन्हें शैफुल इस्लाम ने विकेट के पीछे मुशफिकुर रहीम के हाथों कैच कराया। सहवाग का विकेट 355 रन के कुल योग पर गिरा। सहवाग को बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने बोल्ड किया।
भारत ने 152 रन के कुल योग पर गम्भीर के रूप में अपना दूसरा विकेट गंवाया था। गम्भीर 39 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 39 रनों की उपयोगी पारी खेलने के बाद महमुदुल्लाह की गेंद पर बोल्ड हुए। वह महमुदुल्लाह की सीधी गेंद को पढ़ नहीं सके।
भारत ने तेंदुलकर के रूप में पहला विकेट गंवाया था। तेंदुलकर अच्छी शुरुआत देने के बाद 69 रन के कुल योग पर रन आउट हुए। 29 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 28 रन बनाने वाले तेंदुलकर को कप्तान शाकिब के थ्रो पर विकेटकीपर रहीम ने रन आउट किया। यह विकेट 11वें ओवर की अंतिम गेंद पर गिरा।
विश्व कप में भारत और बांग्लादेश की यह दूसरी भिड़ंत है। इससे पहले 2007 विश्व कप में भारत को बांग्लादेश के हाथों हार मिली थी। भारत और बांग्लादेश की टीम अब तक 22 बार आपस में भिड़ चुकी है, जिसमें 20 बार बांग्लादेश को हार का सामना करना पड़ा है। 2007 के अलावा बांग्लादेश ने 2004 में भारत को हराया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications