विश्व कप की खुमारी में डूबा चण्डीगढ़
चण्डीगढ़, 20 फरवरी (आईएएनएस)। विश्व कप को लेकर चण्डीगढ़ पर अलग ही खुमारी छाई हुई है। कारागारों में कैदियों के लिए मैच देखने को टेलीविजन सेट्स लगाए गए हैं तो प्रमुख पर्यटक स्थलों पर विशेष स्क्रीन लगाए गए हैं। यही नहीं यहां भारतीय टीम को जीत की शुभकामनाओं के लिए एक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है।
यहां की बुराइल जेल में टेलीविजन सेट्स लगाए गए हैं, जहां कैदी क्रिकेट मैच का आनंद ले सकेंगे। किसी जेल में यह अपनी तरह की पहली पहल है।
इसके अलावा मुख्य पर्यटन स्थलों पर विशेष स्क्रीन लगाए गए हैं, जहां पर्यटन के लिए निकले लोग भी क्रिकेट मैच देख सकेंगे। इसके साथ भारतीय टीम को जीतने के लिए शुभकामनाएं देने के लिए एक हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया है।
महानिरीक्षक (जेल) एस.एस. दून ने आईएएनएस को बताया, "हमने बुराइल जेल में करीब 20 टेलीविजन सेट्स लगाए हैं। हम चाहते हैं कि कैदी अपने आपको अलग-थलग महसूस न करें और खेल का आनंद ले सकें। यह हमारा उन्हें मुख्यधारा में लाने का प्रयास है।"
उन्होंने कहा, "यदि कैदी एक साथ बैठकर मैच देखेंगे तो इससे उनमें सौहार्द और भाईचारे की भावना विकसित होगी।" दून ने बताया, "हमारी कुछ कठिन मैचों में मिठाई बांटकर भारत की जीत का जश्न मनाने की योजना है।"
साल 1995 में पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में सजा काट रहे जगतार सिंह हवारा और परमजीत सिंह बेओरा सहित कई खतरनाक अपराधी बुराइल जेल में बंद हैं। इस जेल में करीब 530 अपराधी बंद हैं।
चण्डीगढ़ के गृह एवं पर्यटन सचिव राम निवास कहते हैं, "क्रिकेट भारत के प्रमुख खेलों में से एक है और स्पष्ट है कि यह खेल लोगों को जोड़ता है। मैचों के दौरान आपको कई स्थानों पर टेलीविजन सेट्स के आगे कतारों में खड़े लोग आसानी से दिख जाएंगे।"
निवास ने कहा, "यही वजह है कि हमने इस अवसर का पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इस्तेमाल करने को सुखना झील और सेक्टर 17 प्लाजा (चण्डीगढ़ का व्यवसायिक केंद्र) जैसे मुख्य पर्यटक स्थलों पर विशेष स्क्रीन लगाए हैं।"
उन्होंने कहा कि इन पर्यटक स्थलों पर हर दिन हजारों घरेलू और विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं, अब वे वहां विश्व कप का भी मजा ले सकेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications