मोटेरा के सरदार पटेल स्टेडियम में दिन-रात का यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
विश्व कप से पहले खेले गए दो अभ्यास मुकाबलों में आस्ट्रेलिया को हार का सामना करना पड़ा है। चार बार की विश्व विजेता कंगारू टीम ने हाल में खेले गए कॉमनवेल्थ बैंक श्रृंखला में इंग्लैंड को 6-1 से पटखनी दी थी।
आस्ट्रेलिया की ओर से टीम को धमाकेदार शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी विस्फोटक बल्लेबाज शेन वॉटसन के कंधों पर होगी।
कप्तान रिकी पोंटिंग ने अभ्यास मुकाबलों में अर्धशतक लगाकर फॉर्म में आने के संकेत दे दिए हैं वहीं मध्यक्रम की जिम्मेदारी उपकप्तान माइकल क्लार्क और कैमरन व्हाइट तथा कैलम फग्र्यूसन के कंधों पर होगी।
तेज गेंदबाजी का आक्रमण अनुभवी गेंदबाज ब्रेट ली सम्भालेंगे। ली ने हाल में लम्बे समय बाद एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की है। इंग्लैंड के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला में ली सर्वाधिक विकेट चटकाकर शीर्ष पर रहे थे। आस्ट्रेलियाई टीम में स्पिन की जिम्मेदारी जेसन क्रेजा के कंधों पर होगी।
दूसरी ओर, जिम्बाब्वे की कमान एल्टन चिगुम्बुरा के हाथों में है। देखा जाए तो आस्ट्रेलिया के सामने जिम्बाब्वे की टीम कहीं भी नहीं टिकती। लेकिन चूंकि क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है इसलिए कभी भी उलटफेर से इंकार नहीं किया जा सकता।
जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी चार्ल्स कोवेन्ट्री, शिंगिराई मासाकाद्जा, क्रेग इर्विन, तातेंदा ताएबू, ब्रेंडन टेलर और चिगुम्बुरा के इर्द-गिर्द घूमेगी वहीं गेंदबाजी का आक्रमण क्रिस मोफू, रे प्राइस और प्रॉस्पर उत्सेया सम्भालेंगे।
विश्व कप में आस्ट्रेलिया को पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, जिम्बाब्वे, कनाडा और केन्या के साथ ग्रुप 'ए' में रखा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।