आस्ट्रेलिया ने सलामी बल्लेबाज शेन वॉटसन (79), विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रैड हैडिन (29) और कप्तान रिकी पोंटिंग (28) के विकेट गंवाए हैं। वॉटसन ने 92 गेंदों पर आठ चौके और एक छक्का लगया जबकि पोंटिंग ने 36 गेंदों का सामना किया।
हैडिन ने 66 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 29 रन बनाए। हैडिन का विकेट 61 रन के कुल योग पर गिरा जबकि वॉटसन 140 और पोंटिंग 144 रन के कुल योग पर आउट हुए। माइकल क्लार्क 19 और कैमरन व्हाइट 12 रन बनाकर खेल रहे हैं।
चार बार की चैम्पियन आस्ट्रेलियाई टीम के लिए दिन-रात का यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि वह इसके माध्यम से खिताब बचाने के अपने अभियान का जीत के साथ आगाज करना चाहेगी।
विश्व कप से पहले खेले गए दो अभ्यास मुकाबलों में आस्ट्रेलिया को भारत और दक्षिण अफ्रीका के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। मौजूदा विश्व चैम्पियन टीम की कमान पोंटिग के हाथों में है जबकि जिम्बाब्वे की कमान एल्टन चिगुम्बुरा के हाथों में है।
देखा जाए तो आस्ट्रेलिया के सामने जिम्बाब्वे की टीम कहीं भी नहीं टिकती। लेकिन चूंकि क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है इसलिए कभी भी उलटफेर से इंकार नहीं किया जा सकता।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।