क्रिकेट विश्व कप : क्या कहते हैं विदेशी अखबार (डायरी)

By Super

नई दिल्ली, 21 फरवरी (आईएएनएस)। आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज माइकल हसी के संन्यास को लेकर उनके और क्रिकेट टीम के चयनकर्ता ग्रेग चैपल के बीच बयानबाजी हो रही है तो वहीं आस्ट्रेलिया के कप्तान रिकी पोंटिंग टीम के सलामी बल्लेबाज ब्रैड हैडिन के प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं हैं। हसी-चैपल और पोंटिंग-हैडिन के बीच की तू तू-मैं मैं आस्ट्रेलियाई अखबारों में सुर्खियां बटोर रही हैं।

इंग्लैंड के बल्लेबाज मैट प्रायर अपना बल्लेबाजी क्रम बार-बार बदले जाने से निराश हैं तो इंग्लैंड के ऑफ स्पिन गेंदबाज ग्रीम स्वान अंतिम एकादश में जगह बनाने की कोशिशों में जुटे हुए हैं। क्रिकेट विश्व कप के आरम्भ होते ही देश ही नहीं विदेशों के अखबार भी इससे जुड़ी खबरों से पट गए हैं। हर अखबार अपने देश के खिलाड़ियों से जुड़ी खबरें प्रमुखता से प्रकाशित कर रहा है।

विश्व कप के दौरान घटित होने वाली ऐसी ही कुछ घटनाएं जो अपने-अपने देशों में सुर्खियां बटोर रही हैं, आइए ऐसी ही कुछ खबरों पर हम अपनी निगाह दौड़ाते हैं।

चैपल ने हसी के संन्यास के बारे में दी सफाई :-

सिडनी मॉर्निग हेराल्ड (आस्ट्रेलियाई अखबार): आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के चयनकर्ता ग्रेग चैपल ने कहा है कि उन्होंने कभी भी बल्लेबाज माइकल हसी को संन्यास लेने की सलाह नहीं दी है और जो भी इससे सम्बन्धित खबरें आ रही हैं उसमें कोई सच्चाई नही है।

चैपल ने बताया कि हसी हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझ रहे थे, जिसके बाद उन्होंने हाल में ऑपरेशन करवाया है और चयनकर्ता विश्व कप में कोई जोखिम नहीं उठाना चाहते थे।

आस्ट्रेलियाई समाचार पत्र 'द सिडनी मॉर्निग हेराल्ड' ने चैपल के हवाले से लिखा है, "इसमें कोई सच्चाई नही है।"

चैपल इस महीने की शुरुआत में पर्थ में हसी से मिले थे। इसके बाद ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि इस मुलाकात के दौरान चैपल ने हसी से कहा था कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में उनके गिने-चुने दिन बचे हैं। लेकिन चैपल ने इसका खंडन करते हुए कहा कि उन्होंने कभी भी हसी को संन्यास के फैसले पर विचार करने को नहीं कहा है।

हसी आस्ट्रेलिया की ओर से 59 टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें उनका औसत 51.09 का रहा है वहीं 151 एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैचों में हसी ने 51.96 की औसत से रन बनाए हैं।

अभ्यास मैच गंवाने के बावजूद तैयार है पाकिस्तान : आलम

द न्यूज (पाकिस्तानी अखबार) : पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के मैनेजर इंतिखाब आलम ने कहा है कि भले ही उनकी टीम को आईसीसी क्रिकेट विश्व कप-2011 के अंतर्गत खेले गए अभ्यास मुकाबले में इंग्लैंड के हाथों पराजय झेलनी पड़ी हो लेकिन अगले मुकाबलों के लिए उनकी टीम पूरी तरह से तैयार है।

समाचार पत्र 'द न्यूज' ने आलम के हवाले से लिखा है, "टीम के खिलाड़ी विश्व कप में पहला मुकाबला खेलने को तैयार हैं। हम अपने सभी लीग मुकाबले जीतना चाहते हैं।"

विश्व कप के अंतर्गत खेले गए अभ्यास मुकाबले में इंग्लैंड से हारने से पहले पाकिस्तानी टीम ने बांग्लादेश को हराया था।

विश्व कप में पाकिस्तान का पहला मुकाबला केन्या के साथ बुधवार को है।

हैडिन पर बरसे पोंटिंग :-

हेराल्ड सन (आस्ट्रेलियाई अखबार) : आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के कप्तान रिकी पोंटिंग सलामी विकेट कीपर बल्लेबाज ब्रैड हैडिन पर जमकर बरसे हैं। पोंटिंग का कहना है कि हैडिन का काम बड़ा स्कोर बनाना है और उन्हें इंग्लैंड के साथ हाल में सम्पन्न हुए एकदिवसीय श्रृंखला में उस खराब शुरुआत को यहां नहीं दोहराना चाहिए।

समाचार पत्र 'हेराल्ड सन' ने पोंटिंग के हवाले से लिखा है, "हैडिन आसानी से 20 और 40 के बीच रन बना रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ किया गया उनका प्रदर्शन इस बात का गवाह भी है। उन्होंने पांच बार 20 रन और 40 रन के बीच स्कोर किया है।"

पोंटिंग ने कहा, "हमने इस बारे में हैडिन से काफी कुछ बातें की हैं। हम सभी समझते हैं। शीर्ष क्रम के बल्लेबाज के रूप में आपको बड़ा स्कोर बनाना होगा।"

सलामी बल्लेबाजी क्रम से हटाए जाने से निराश हैं प्रायर:-

डेली मेल (इंग्लैंड का अखबार) : इंग्लैंड क्रिकेट टीम के विकेट कीपर बल्लेबाज मैट प्रायर का कहना है कि वह छह वर्षो में आठ बार अलग-अलग क्रम पर बल्लेबाजी करने से बेहद निराश हैं।

आस्ट्रेलियाई दौरे पर सलामी बल्लेबाज की भूमिका में असफल रहने के बाद प्रायर की जगह केविन पीटरसन अब इसकी जिम्मेदारी सम्भालेंगे, जो चोटिल बल्लेबाज व फिनिशर की भूमिका निभाने वाले इयोन मोर्गन की अनुपस्थिति में यह कार्यभार सम्भालेंगे।

समाचार पत्र 'डेली मेल' ने प्रायर के हवाले से लिखा है, "एक मिनट में किसी को 'फिनिशर' शब्द कहना यह थोड़ा डराने व सोचने वाला है। वह एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है।"

नीदरलैंड्स के खिलाफ खेल सकते हैं स्वान:-

द गार्जियन (इंग्लैंड का अखबार) : इंग्लैंड क्रिकेट टीम के स्पिन गेंदबाज ग्रीम स्वान का आईसीसी क्रिकेट विश्व कप-2011 के अंतर्गत नीदरलैंड्स के खिलाफ मंगलवार को खेले जाने वाले मुकाबले में खेलने की उम्मीदें बढ़ गई है।

स्वान ने सोमवार को इंग्लैंड टीम के साथ सुबह अभ्यास सत्र में भाग लिया था। स्वान रविवार देर रात नागपुर पहुंचे।

समाचार पत्र 'द गार्जियन' ने कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस के हवाले से लिखा है, "स्वान मामूली चोट से उबर चुके हैं। हमें इसका इंतजार करना होगा कि अभ्यास सत्र में इस ऑफ स्पिनर ने कैसी गेंदबाजी की।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Monday, February 21, 2011, 20:15 [IST]
Other articles published on Feb 21, 2011
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+