चार्ल्स कोवेन्ट्री ने पारी के चौथे ओवर में ब्रेट ली की गेंद पर जब कवर में छक्का लगया था तब लगा था कि जिम्बाब्वे मौजूदा चैम्पियन आस्ट्रेलिया के सामने आसानी से हथियार नहीं डालेगा लेकिन हुआ इसके उलट। केवेन्ट्री (14) 22 रन के कुल योग पर पेवेलियन लौटे और इसके बाद तू चल मैं आया का सिलसिला शुरू हो गया।
40 रन के कुल योग पर मिशेल जानसन ने तातेंदा ताएबू (7) को चलता किया। इसके बाद इसी योग पर शॉन टेट ने सलामी बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर (16) को पेवेलियन लौटाया।
क्रेग एर्विन (0) खाता भी नहीं खोल सके। एर्विन का विकेट 44 रन के कुल योग पर गिरा। जिम्बाब्वे ने 15 ओवर की समाप्ति तक चार विकेट पर 57 रन बना लिए हैं। कप्तान एल्टन चिगुम्बुरा आठ और सीन विलियम्स तीन रन बनाकर खेल रहे हैं।
इससे पहले, सलामी बल्लेबाज शेन वॉटसन (79) और उपकप्तान माइकल क्लार्क (नाबाद 58) की उम्दा अर्धशतकीय पारियों की बदौलत टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आस्ट्रेलियाई टीम ने जिम्बाब्वे के सामने मुश्किल लक्ष्य रखा।
आस्ट्रेलिया ने निर्धारित 50 ओवरों की समाप्ति तक छह विकेट खोकर 262 रन बनाए। वॉटसन ने विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रैड हेडिन (29) के साथ पहले विकेट के लिए 61 रन जोड़ने के बाद कप्तान रिकी पोंटिंग (28) के साथ दूसरे विकेट के लिए 79 रन जोड़े।
92 गेंदों पर आठ चौके और एक छक्का लगाने वाले वॉटसन को ग्रीम क्रेमर ने पगबाधा आउट किया। वॉटसन का विकेट 140 रन के कुल योग पर गिरा। इसके चार रन बाद आस्ट्रेलिया ने पोंटिंग का भी विकेट गंवा दिया। पोंटिंग को क्रिस मोफू ने रन आउट किया। पोंटिग ने 36 गेंदों का सामना किया और चौके या छक्के का इंतजार करते रह गए।
इसके बाद कैमरन व्हाइट (22) और क्लार्क ने चौथे विकेट लिए 63 रन जोड़कर स्थिति को संभालने का काम किया लेकिन 207 रनों के कुल योग पर व्हाइट भी आउट हो गए। व्हाइट ने 36 गेंदों का सामना किया। उनके बल्ले से भी एक भी चौका या छक्का नहीं निकला।
कुल योग को कमजोर पड़ता देख क्लार्क ने अपने बल्ले का जोर बढ़ाया और डेविड हसी (14) और स्टीवन स्मिथ (11) के साथ 4.1 ओवरों में 47 रन जोड़े। ये रन आस्ट्रेलिया के लिए काफी उपयोगी साबित हुए। क्लार्क ने 55 गेंदों पर चार चौके लगाए और नाबाद लौटे। उनके साथ मिशेल जानसन (7) भी नाबाद लौटे।
जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने पारी की शुरुआत में जिस स्तर का अनुशासन दिखाया था, उसे वे अंतिम पलों तक बरकरार नहीं रख सके। इसी का नतीजा हुआ कि आस्ट्रेलिया 50 ओवरों की समाप्ति तक 262 रन बनाने में सफल रहा, जो जिम्बाब्वे के लिए एक मुश्किल लक्ष्य कहा जा सकता है।
बहरहाल जिम्बाब्वे की ओर से मोफू ने दो विकेट लिए जबकि प्रॉस्पर उत्सेया, रे प्राइस और ग्रीम क्रेमर ने एक-एक सफलता पाई। पोंटिंग रन आउट हुए थे। उत्सेया और प्राइस ने अपने 10 ओवर के कोटे में 43-43 रन खर्च किए। क्रेमर ने सबसे किफायती गेंदबाजी की और 10 ओवरों में केवल 41 रन दिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।