कोलम्बो, 22 फरवरी (आईएएनएस)। श्रीलंका के सुरक्षा अधिकारियों ने आईसीसी क्रिकेट विश्व कप-2011 के अंतर्गत खेले जाने वाले सभी मैचों के दौरान दर्शकों को स्टेडियमों में क्रिकेट से सम्बंधित पोस्टर और बैनर ले जाने की अनुमति दे दी है। क्रिकेट फैन्स के भारी दबाव के बाद सुरक्षा अधिकारियों ने यह फैसला किया।
समाचार पत्र 'द डॉन' ने श्रीलंका के पुलिस प्रमुख महिंदा बालासूर्या के हवाले से लिखा है, "यह कदम जनता की भारी मांग के मद्देनजर और देश में इस बड़े आयोजन को बढ़ावा देने तथा क्रिकेट फैन्स को प्रोत्साहित करने के लिए उठाया गया है।"
पत्र के मुताबिक बालासूर्या ने कहा, "हालांकि संगीत वाद्ययंत्र और इससे सम्बंधित समूहों को स्टेडियम में प्रवेश करने की अनुमति नहीं है। यह फैसला श्रीलंका क्रिकेट ने लिया है। श्रीलंका क्रिकेट अपने स्वयं के ऑडियो सिस्टम से स्टेडियम के अन्दर संगीत प्रदान करेगा।"
उल्लेखनीय है कि श्रीलंकाई सुरक्षा अधिकारियों ने सुरक्षा के लिहाज से संगीत वाद्ययंत्र, पटाखे, तेज धार वाली चीजें, कांच की बोतलें, शीशा और शराब आदि को स्टेडियम के अंदर ले जाने पर प्रतिबंध लगाया है।
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद् (आईसीसी) ने पहली बार वेस्टइंडीज में सम्पन्न हुए वर्ष 2007 विश्व कप में वाद्य यंत्र को स्टेडियम में ले जाने पर रोक लगाया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।