नई दिल्ली, 22 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तानी अखबार 'द डॉन' के अनुसार श्रीलंका के सुरक्षा अधिकारियों ने आईसीसी क्रिकेट विश्व कप-2011 के अंतर्गत खेले जाने वाले सभी मैचों के दौरान दर्शकों को स्टेडियमों में क्रिकेट से सम्बंधित पोस्टर और बैनर ले जाने की अनुमति दे दी है। क्रिकेट प्रेमियों के भारी दबाव के बाद सुरक्षा अधिकारियों ने यह फैसला किया।
समाचार पत्र ने श्रीलंका के पुलिस प्रमुख महिंदा बालासूर्या के हवाले से लिखा है, "यह कदम जनता की भारी मांग के मद्देनजर और देश में इस बड़े आयोजन को बढ़ावा देने तथा क्रिकेट प्रेमियों को प्रोत्साहित करने के लिए उठाया गया है।"
पत्र के मुताबिक बालासूर्या ने कहा, "हालांकि संगीत वाद्ययंत्र और इससे सम्बंधित समूहों को स्टेडियम में प्रवेश करने की अनुमति नहीं है। यह फैसला श्रीलंका क्रिकेट ने लिया है। श्रीलंका क्रिकेट अपने स्वयं के ऑडियो सिस्टम से स्टेडियम के अन्दर संगीत प्रदान करेगा।"
उल्लेखनीय है कि श्रीलंकाई सुरक्षा अधिकारियों ने सुरक्षा के लिहाज से संगीत वाद्ययंत्र, पटाखे, तेज धार वाली चीजें, कांच की बोतलें, शीशा और शराब आदि को स्टेडियम के अंदर ले जाने पर प्रतिबंध लगाया है।
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद् (आईसीसी) ने पहली बार वेस्टइंडीज में सम्पन्न हुए वर्ष 2007 विश्व कप में वाद्य यंत्रों को स्टेडियम में ले जाने पर रोक लगाई थी।
जयवर्धने ने जयसूर्या का रिकॉर्ड तोड़ा :
द न्यूजीलैंड हेराल्ड (न्यूजीलैंड का अखबार) : श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज माहेला जयवर्धने ने हमवतन विस्फोटक सलामी बल्लेबाज सनथ जयसूर्या का विश्व कप में सबसे तेज शतक बनाने का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
जयवर्धने ने आईसीसी क्रिकेट विश्व कप-2011 के अंतर्गत रविवार को कनाडा के खिलाफ खेले एक मुकाबले में 81 गेंदों पर नौ चौकों और एक छक्के की मदद से शानदार 100 रन बनाए थे।
इससे पहले, जयसूर्या ने वेस्टइंडीज में वर्ष 2007 के विश्व कप में बांग्लादेश के खिलाफ पोर्ट ऑफ स्पेन में 85 गेंदों में शतक लगाया था।
समाचार पत्र 'द न्यूजीलैंड हेराल्ड' ने जयवर्धने के हवाले से लिखा है, "ईमानदारी से कहूं तो मुझे इस रिकॉर्ड के बारे में तभी पता लगा जब टेलीविजन पर इस बारे में मुझसे सवाल पूछा गया। मैं अपनी पारी से बेहद खुश हूं।"
------
हमें बेहतर बल्लेबाजी करनी होगी : पोंटिंग
द सिडनी मॉर्निग हेराल्ड (आस्ट्रेलियाई अखबार) : आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के कप्तान रिकी पोंटिंग ने टीम के खिलाड़ियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि उन्हें आईसीसी क्रिकेट विश्व कप-2011 के आगे के मुकाबलों में बेहतर बल्लेबाजी करनी होगी।
आस्ट्रेलिया ने विश्व कप के अंतर्गत सोमवार को खेले गए अपने पहले मुकाबले में जिम्बाब्वे को 91 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की थी।
समाचार पत्र 'द सिडनी मॉर्निग हेराल्ड' ने पोंटिंग के हवाले से लिखा है, "हमें बेहतर खेलने की जरूरत है। हमें अपने खेल पर ध्यान देना होगा और स्पिन के खिलाफ बेहतर खेलने की कोशिश करनी होगी।"
जिम्बाब्वे के खिलाफ कंगारुओं को भले जीत मिल गई हो लेकिन उसका मध्यक्रम अभी भी चिंता का विषय बना हुआ है।
पत्र के मुताबिक पोंटिंग ने कहा, "टूर्नामेंट में जैसे-जैसे हम मुकाबले खेलते जाएंगे ठीक वैसे-वैसे हम अपने खेल के शीर्ष पर पहुंच जाएंगे और यहां की परिस्थितियों से सामंजस्य बैठाने में सफल रहेंगे।"
चार बार की विश्व चैम्पियन आस्ट्रेलिया की नजरें पांचवीं बार विश्व विजेता बनने की ओर टिकी हुई है। आस्ट्रेलिया ने हाल में इंग्लैंड को कॉमनवेल्थ बैंक एकदिवसीय श्रृंखला में 6-1 से मात दी थी।
आयरलैंड के साथ होने वाले मुकाबले पर है ध्यान : तमीम
द डेली स्टार (बांग्लादेशी अखबार) : बांग्लादेशी क्रिकेट टीम के उप कप्तान तमीम इकबाल का कहना है कि इस समय उनकी टीम का ध्यान आईसीसी क्रिकेट विश्व कप-2011 के अंतर्गत आयरलैंड के खिलाफ खेले जाने वाले मुकाबले पर है।
तमीम का कहना है कि भारत के खिलाफ मिली हार अब बीती बात हो चुकी है। भारत ने विश्व कप के उद्घाटन मुकाबले में सह मेजबान बांग्लादेश को 87 रनों से हराया था।
समाचार पत्र 'द डेली स्टार' ने तमीम के हवाले से लिखा है, "हमें पहले राउंड में अभी पांच मुकाबले खेलने हैं और हमारा पूरा ध्यान आयरलैंड के खिलाफ 25 फरवरी को होने वाले मुकाबले पर है। आज हमने जमकर अभ्यास किया और मुझे लगता है कि एक से डेढ़ महीने में हमने जो अभ्यास किया था उनमे से सबसे अच्छा दिन आज का रहा। हमने अभ्यास का खूब लुत्फ उठाया।"
पत्र के मुताबिक तमीम ने कहा, "यह विश्व कप है। आप किसी भी टीम को हल्के में नहीं ले सकते। आयरलैंड एक अच्छी टीम है और हमारे पास उनके खिलाफ खेलने का अनुभव है। हम उनके लगभग सभी खिलाड़ियों को जानते हैं। हमें अपनी रणनीति पर ध्यान देने की जरूरत है जो भारत के खिलाफ असफल रही थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**