वेस्टइंडीज ने पूर्व कप्तान क्रिस गेल (2), ड्वेन स्मिथ (36), डेरेन ब्रावो (73) और रामनरेश सरवन के विकेट गंवाए हैं। दक्षिण अफ्रीका की ओर से अपना पहला एकदिवसीय मैच खेल रहे लेग स्पिनर इमरान ताहिर और अनुभवी ऑफ स्पिनर जोहान बोथा ने दो-दो विकेट लिए हैं।
वेस्टइंडीज ने अपना पहला विकेट दो रन के कुल योग पर गंवाया था। इसके बाद डेरेन और स्मिथ के बीच दूसरे विकेट के लिए 111 रनों की साझेदारी हुई। 113 रन के कुल योग पर डेरेन विदा हुए और इसके बाद वेस्टइंडीज ने सात रन के अंतराल पर दो और विकेट गंवा दिए।
117 रन के कुल योग पर स्मिथ विदा हुए जबकि 120 रन के कुल योग पर सरवन आउट हुए। डेरेन ने 55 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर इमरान ताहिर के अगले ही ओवर में मिडविकेट क्षेत्र में एक जोरदार छक्का लगाया।
डेरेन ने 82 गेंदों पर आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 73 रन बनाए। धीमी किंतु सावधान पारी खेल रहे स्मिथ ने 57 गेंदों पर तीन चौकों की सहायता से 36 रन बनाए।
दोनों टीमों का इस विश्व कप में यह पहला मुकाबला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।