नागपुर, 24 फरवरी (आईएएनएस)। आस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग ने गुरुवार को इस बात से इंकार किया कि उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ अहमदाबाद के सरदार पटेल स्टेडियम में खेले गए मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में टेलीविजन सेट को नुकसान पहुंचाया। पोंटिंग ने हालांकि स्वीकार किया कि उन्होंने ड्रेसिंग रूम में हद पार की।
इस घटना के लिए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बुधवार को पोंटिंग को फटकार लगाई। उसने पोंटिंग को आचार संहिता के अनुच्छेद 2.1.2 के उल्लंघन का दोषी पाया।
रिपोर्टो में बताया गया कि जिम्बाब्वे के खिलाफ सोमवार को खेले गए मैच में रन आउट होने पर पोंटिंग ने ड्रेसिंग रूम में अपने बल्ले से टेलीविजन सेट को नुकसान पहुंचाया। पोंटिंग ने इससे इंकार किया है। उन्होंने हालांकि कहा कि आईसीसी द्वारा उन्हें फटकारा जाना ठीक है।
पोंटिंग ने कहा, "मैं यह एक बार फिर से स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैंने अपने बल्ले से टेलीविजन सेट को नुकसान नहीं पहुंचाया। टेलीविजन सेट को मेरे किट में मौजूद एक बाक्स से धक्का लगा।"
उन्होंने कहा, "इससे टेलीविजन सेट को थोड़ा नुकसान पहुंचा और इस घटना के बारे में मैंने तुरंत टीम के प्रबंधक को सूचित किया। इसके तुरंत बाद ही वहां दूसरा टेलीविजन सेट लगा दिया गया।"
पोंटिंग ने कहा कि यह एक घटना थी और इसे छोड़कर वह आगे बढ़ना चाहते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।