वेस्टइंडीज ने डेरेन ब्रावो के शानदार 73 रनों की बदौलत टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए ग्रीम स्मिथ की टीम के सामने 223 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे उसने डिविलियर्स के शतक की बदौलत 42.5 ओवरों में तीन विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।
डिविलियर्स के शानदार शतक के अलावा कप्तान स्मिथ ने 45 और ज्यां पॉल ड्यूमिनी ने 42 रनों की नाबाद पारी खेली। डिविलियर्स ने कप्तान के साथ तीसरे विकेट के लिए 119 रनों की साझेदारी निभाने के बाद ड्यूमिनी के साथ चौथे विकेट के लिए 84 रन जोड़कर अपनी टीम को जीत तक पहुंचा दिया।
वेस्टइंडीज ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 47.3 ओवरों में 222 रन बनाए। उसका दूसरा विकेट 113 रन के कुल योग पर गिरा था और फिर खराब बल्लेबाजी के कारण पूरी टीम 109 रन जोड़कर पेवेलियन लौट गई।
वेस्टइंडीज की ओर से डेरेन ब्रावो ने सर्वाधिक 73 रनों का योगदान दिया जबकि उनके बड़े भाई ड्वेन ब्रावो ने 40 रनों की तेज पारी खेली। इसके अलावा सलामी बल्लेबाज ड्वेन स्मिथ ने 36 रन जोड़े।
इसके अलावा शिवनारायण चंद्रपॉल ने 31 रनों का योगदान दिया जबकि पूर्व कप्तान क्रिस गेल (2), रामनरेश सरवन (2), केरेन पोलार्ड (0), कप्तान डेरेन सैमी (0) ने निराश किया।सुलेमान बेन ने छह रन बनाए जबकि केमर रोच दो रन पर नाबाद लौटे।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से अपना पहला एकदिवसीय मैच खेल रहे लेग स्पिनर इमरान ताहिर ने अपनी प्रतिभा की झलक दिखाते हुए चार विकेट झटके। तेज गेंदबाज डेल स्टेन को तीन सफलता मिली जबकि मैच का पहला ओवर फेंकने वाले ऑफ स्पिनर जोहान बोथा ने दो विकेट हासिल किए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।