वेस्टइंडीज ने डेरेन ब्रावो के शानदार 73 रनों की बदौलत टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए ग्रीम स्मिथ की टीम के सामने 223 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे उसने डिविलियर्स के शतक की बदौलत 42.5 ओवरों में तीन विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। हाल के दिनों में वेस्टइंडीज पर दक्षिण अफ्रीका की यह छठी जीत है। उसने 2010 में खेली गई पांच मैचों की श्रृंखला में वेस्टइंडीज को 5-0 से हराया था।
डिविलियर्स के शानदार शतक के अलावा कप्तान स्मिथ ने 45 और ज्यां पॉल ड्यूमिनी ने 42 रनों की नाबाद पारी खेली। डिविलियर्स ने कप्तान के साथ तीसरे विकेट के लिए 119 रनों की साझेदारी निभाने के बाद ड्यूमिनी के साथ चौथे विकेट के लिए 84 रन जोड़कर अपनी टीम को जीत तक पहुंचा दिया।
स्मिथ 45 रन बनाने के बाद पेवेलियन लौटे। स्मिथ को केरन पोलार्ड ने बोल्ड किया। डिविलियर्स के साथ 23.3 ओवरों में 119 रनों की साझेदारी निभाने वाले स्मिथ ने 78 गेंदों का सामना करते हुए दो चौके लगाए।
यह अलग बात है कि 119 रनों की साझेदारी के दौरान डिविसियर्स ने अकेले 75 रन बटोरे लेकिन स्मिथ ने कप्तान की भूमिका को शानदार तरीके से अंजाम दिया।
दक्षिण अफ्रीका ने स्मिथ के अलावा सलामी बल्लेबाज हाशिम आमला और हरफनमौला जैक्स कैलिस के विकेट गंवाए। आमला 15 गेदों पर दो चौकों की मदद से 14 रन बनाकर केमार रोच की गेंद पर विकेट के पीछे ड्वेन थॉमस के हाथों लपके गए जबकि कैलिस को सुलेमान बेन ने कप्तान डेरेन सैमी के हाथों कैच कराया।
सैमी की एक बाहर जाती गेंद पर बल्ला लगाने के बाद स्लिप में सैमी के हाथों लपके गए कैलिस ने चार रन बनाए। ग्रीम स्मिथ की तर्ज पर चलते हुए सैमी ने अपना पहला ओवर बेन के हाथों कराया। इस स्पिनर को शुरुआती ओवरों में विकेट लेने की जिम्मेदारा दी गई, जिसे उसने बखूबी निभाया।
इससे पहले, अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय मुकाबला खेल रहे पाकिस्तान में जन्मे लेग स्पिनर इमरान ताहिर (41/4) प्रमुख तेज गेंदबाज डेल स्टेन ((24/3) की शानदार गेंदबाजी की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 222 रनों पर ढेर कर दिया।
विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए मशहूर क्रिस गेल का विकेट मैच की तीसरी गेंद पर ही गिरने के बाद डेरेन ब्रावो और ड्वेन स्मिथ ने दूसरे विकेट के लिए 136 गेंदों पर 111 रनों की साझेदारी करके टीम में जो आत्मविश्वास पैदा किया था, उसका फायदा आगे आने वाले बल्लेबाज नहीं उठा सके।
पूर्व कप्तान शिवनारायण चंद्रपॉल (31) और हरफनमौला ड्वेन ब्रावो (40) ने हालांकि छोटी लेकिन उपयोगी पारियां खेलीं लेकिन रामनरेश सरवन (2) और खासकर दर्शकों के चहेते केरन पोलार्ड (0) का सस्ते में आउट होना वेस्टइंडीज को भारी महंगा पड़ा।
डेरेन के अलावा तीन अन्य बल्लेबाज सरवन, पोलार्ड और कप्तान डेरेन सैमी पगबाधा आउट करार दिए गए और इनमें से तीन मौकों पर रेफरल प्रणाली का उपयोग किया गया। डेरेन ने अपनी 82 गेंदों की पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया।
डेरेन का विकेट 113 रन के कुल योग पर गिरा था। इसके बाद मानो पूरी कैेबियाई पारी भरभरी गई। बाकी के आठ बल्लेबाज 109 रन जोड़कर पेवेलियन लौट गए। डेरेन के साथ धीमी किंतु सावधान पारी खेल रहे स्मिथ ने 57 गेंदों पर तीन चौकों की सहायता से 36 रन बनाए। उनका विकेट 117 रन के कुल योग पर गिरा।
इसके बाद 120 रन के कुल योग पर सरवन विदा हुए। सरवन को ताहिर ने पगबाधा आउट करके पेवेलियन की राह दिखाई। सरवन के आउट होने के बाद ब्रावो बल्लेबाजी के लिए आए और चंद्रपॉल के साथ पांचवें विकेट के लिए 58 रन जोड़े।
इसके बाद ब्रावो का विकेट गिरा। ब्रावो 37 गेंदं पर तीन छक्के और एक चौका लगाने के उतरांत मोर्ने मोर्कल के सीधे थ्रो पर डिविलियर्स द्वारा रन आउट कर दिए गए। वेस्टइंडीज के लिए यह बड़ा झटका था।
ब्रावो का विकेट 178 के कुल योग पर गिरा था। उसके बाद विकेटकीपर ड्वेन थॉमस बल्लेबाजी के लिए आए और चंद्रपॉल के साथ छठे विकेट के लिए 31 रनों की उपयोगी साझेदारी निभाई।
209 के कुल योग पर चंद्रपॉल भी पेवेलियन लौट गए। उन्होंने 51 गेंदों पर एक चौका और एक छक्का लगाया। चंद्रपॉल की विदाई के बाद केरन पोलार्ड से वेस्टइंडीज को काफी उम्मीद थी लेकिन वह भी निराशाजनक ढंग से पगबाधा आउट हो गए।
पोलार्ड खाता भी नहीं खोल सके। पोलार्ड के बाद कप्तान डरेन सैमी (0) को भी डेल स्टेन ने अपना शिकार बनाया। सुलेमान बेन ने छह रन बनाए जबकि केमर रोच दो रन पर नाबाद लौटे। दक्षिण अफ्रीका की ओर से मैच का पहला ओवर फेंकने वाले ऑफ स्पिनर जोहान बोथा ने दो विकेट हासिल किए।
मैच के बाद स्मिथ ने कहा कि टॉस जीतना अहम रहा। हमने अच्छी शुरुआत की। डेरेन ब्रावो ने काफी शानदार खेल दिखाया लेकिन हम वापसी करने में सफल रहे। हमने इसके बाद लगातार अंतराल पर विकेट झटके। एक बार जब विकेट मिलने लगता है तो विपक्षी टीम पर हावी हुआ जा सकता है।
अपनी बल्लेबाजी के बारे में स्मिथ ने कहा कि इस मैच से पहले वह पूरी तरह फिट नहीं थे। उनकी तबीयत थोड़ी खराब थी। बकौल स्मिथ, "मैं पूरी तरह स्वस्थ महसूस नहीं कर रहा था। मैं बस डिविलियर्स के साथ साझेदारी करना चाहता था। डिविलियर्स ने शानदार खेल दिखाया।"
दूसरी ओर, वेस्टइंडीज के कप्तान सैमी ने कहा कि उनकी टीम के पास बड़ा स्कोर खड़ा करने का मौका था लेकिन वह उसे गंवा बैठी। सैमी ने कहा,"हम बड़ा स्कोर खड़ा कर सकते थे। डेरेन ने काफी अच्छा खेल दिखाया। हमें डिविलियर्स जैसे किसी तेज खेलने वाले बल्लेबाज की जरूरत थी। लगातार अंतराल पर विकेट गंवाते रहना हमारे लिए महंगा पड़ा। ड्वेन ब्रावो का मैच के बीच में मैदान से बाहर जाना हमारे लिए घातक साबित हुआ। यह देखने वाली बात है कि ड्वेन की घुटने की चोट कितनी गम्भीर है। इसका शुक्रवार को स्कैन किया जाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।