तमीम और इमरुल कायेस ने पहले विकेट के लिए 6.3 ओवरों में 53 रन जोड़े लेकिन इसके बाद बांग्लादेश के बल्लेबाजों को मानो किसी की नजर लग गई।
सबसे पहले कायेस विदा हुए। कायेस ने 12 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 12 रन बनाए जबकि 61 रन के कुल योग पर जुनैद सिद्दीकी का विकेट गिरा। जुनैद तीन रन बना सके।
दूसरे छोर पर तमीम एक के बाद एक अच्छे शॉट खेलते हुए स्कोर में इजाफा कर रहे थे लेकिन 68 रन के कुल योग पर वह भी पेवेलियन लौट गए। तमीम ने 43 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 44 रन बनाए।
मुशफिकुर रहीम और कप्तान शाकिब अल हसन ने इसके बाद टीम को मुश्किल से उबारने की जिम्मेदारी ली लेकिन 86 रन के कुल योग पर शाकिब भी आउट हो गए। बांग्लादेश के लिए यह बड़ा झटका था।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर रही मेजबान टीम को अब अच्छी स्थिति में पहुंचाने की जिम्मेदारी रहीम और रकीबुल हसन पर है। रहीम ने पांच रन बनाए हैं जबकि रकीबुल ने खाता नहीं खोला है।
बांग्लादेश की टीम अपना दूसरा मैच खेल रही है जबकि अभ्यास मैच में इंग्लैंड को हराने वाली आयरलैंड की टीम विश्व कप में अपने अभियान का आगाज कर रही है।
बांग्लादेश को 19 फरवरी को इसी मैदान पर भारत के साथ खेले गए उद्घाटन मुकाबले में 87 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। भारत की ओर से वीरेंद्र सहवाग ने इस मैच में 175 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी।
ग्रुप-बी में बांग्लादेश और आयरलैंड के अलावा भारत, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, नीदरलैंड्स और वेस्टइंडीज की टीमें हैं। इस ग्रुप में आयरलैंड को छोड़कर सभी टीमें एक-एक मैच खेल चुकी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।