For Quick Alerts
ALLOW NOTIFICATIONS  
For Daily Alerts

क्रिकेट विश्व कप : क्या कहते हैं विदेशी अखबार (डायरी)

By Super

नई दिल्ली, 25 फरवरी (आईएएनएस)। श्रीलंका के अखबार 'डेली न्यूज' के अनुसार विस्फोटक सलामी बल्लेबाज उपुल थरंगा आईसीसी क्रिकेट विश्व कप-2011 में शतक लगाने को बेताब हैं।

एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैचों में अब तक नौ शतक लगा चुके 26 वर्षीय थरंगा ने वर्ष 2007 विश्व कप में तीन अर्धशतक लगाए थे और अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

समाचार पत्र 'डेली न्यूज' ने थरंगा के हवाले से लिखा, "मैं अच्छा खेल रहा हूं और मेरा लक्ष्य विश्व कप में शतक लगाना है। कनाडा के खिलाफ मैं दुर्भाग्यवश रनआउट हो गया था। आशा करता हूं कि मैं पाकिस्तान के खिलाफ अच्छे खेल का प्रदर्शन करूंगा।"

थरंगा ने कनाडा के खिलाफ रविवार को खेले गए पहले मुकाबले में 19 रन बनाए थे। श्रीलंका का विश्व कप में दूसरा मुकाबला शनिवार को पाकिस्तान के साथ है।

पत्र के मुताबिक थरंगा ने कहा, "पाकिस्तानी टीम के बारे में पूर्वानुमान नहीं लगाया जा सकता। उनके पास एक अच्छा गेंदबाजी आक्रमण है। हमारे ऊपर कोई दबाव नहीं है लेकिन हम अपने घरेलू समर्थकों के सामने बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे।

टीम के प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं हैं अफरीदी :

'इंटरनेशनल द न्यूज' (पाकिस्तानी अखबार) : पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कप्तान शाहिद अफरीदी का कहना है कि भले ही उन्हें आईसीसी क्रिकेट विश्व कप-2011 के अपने पहले मुकाबले में केन्या के खिलाफ जीत मिल गई हो लेकिन वह अपनी टीम के प्रदर्शन से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं।

पाकिस्तान ने बुधवार को विश्व कप के अंतर्गत खेले गए मुकाबले में केन्या को रिकॉर्ड 205 रनों से हराया था जिसमें अफरीदी ने 16 रन खर्च करते हुए पांच विकेट झटके थे।

समाचार पत्र 'इंटरनेशनल द न्यूज' ने अफरीदी के हवाले से लिखा है, "यह एक अच्छी शुरुआत है लेकिन हम सौ फीसदी संतुष्ट नहीं हैं। हमें अभी और काम करने की जरूरत है।"

पाकिस्तान को केन्या के खिलाफ उसके सलामी बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत नहीं दिलाई थी। मोहम्मद हफीज ने नौ रन बनाए थे जबकि अहमद शहजाद एक रन बनाकर आउट हुए थे।

पत्र के मुताबिक अफरीदी ने कहा, "बल्लेबाजी और गेंदबाजी में सकारात्मक शुरुआत की जरूरत है। मुझे उम्मीद है कि हमारे सलामी बल्लेबाज केन्या के खिलाफ किए गए अपने प्रदर्शन को नहीं दोहराएंगे।"

मुरलीधरन के लिए विश्व कप जीतना चाहते हैं : कापूगडेरा

'द डेली स्टार' (बांग्लादेशी अखबार) : श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के मध्यक्रम के बल्लेबाज चमारा कापूगडेरा ने कहा कि उनकी टीम दिग्गज स्पिन गेंदबाज मुथैया मुरलीधरन के लिए आईसीसी क्रिकेट विश्व कप-2011 की खिताबी ट्रॉफी जीतना चाहती है।

पिछले वर्ष जुलाई में टेस्ट मैचों से संन्यास ले चुके मुरलीधरन विश्व कप के बाद एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को भी अलविदा कह देंगे। मुरलीधरन श्रीलंका के 1996 विश्व कप विजेता टीम के हिस्सा रहे हैं।

समाचार पत्र 'द डेली स्टार' ने कापूगडेरा के हवाले से लिखा है, "मुरलीधरन एक महान खिलाड़ी हैं। टीम के सभी खिलाड़ी उनके लिए विश्व कप जीतकर उनको एक शानदार तोहफा देना चाहते हैं। उनके लिए यह एक बेहतरीन भेंट होगी।"

मुरलीधरन ने टेस्ट क्रिकेट में 800 विकेट झटके हैं और वह ऐसा करने वाले विश्व के पहले गेंदबाज हैं। उन्होंने एक दिवसीय मुकाबलों में अब तक 521 विकेट चटकाए हैं। भारतीय उपमहाद्वीप में मुरलीधरन करियर का चौथा और अंतिम विश्व कप खेल रहे हैं।

पत्र के मुताबिक कापूगडेरा ने कहा, "श्रीलंकाई दर्शकों ने हमें बहुत समर्थन किया है यहां तक की बुरे समय में भी उन्होंने हमारा साथ दिया है। हम कड़ी मेहनत कर रहे हैं और अपने प्रशंसकों के लिए भी विश्व कप जीतना चाहते हैं।"

बोलिंगर विश्व कप से बाहर :

'हेराल्ड सन' (आस्ट्रेलियाई अखबार) : आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज डग बोलिंगर चोट के कारण आईसीसी क्रिकेट विश्व कप-2011 से बाहर हो गए हैं।

बोलिंगर टखने की चोट से परेशान हैं और उन्हें इलाज के लिए स्वदेश भेजा जा रहा है। बोलिंगर ने भारत के साथ बेंगलुरू में खेले गए पहले अभ्यास मैच में अपने छह ओवर की गेंदबाजी स्पैल में 29 रन खर्च कर एक विकेट झटके थे।

समाचार पत्र 'हेराल्ड सन' के मुताबिक, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए दूसरे अभ्यास मुकाबले में बोलिंगर को आराम दिया गया था। जिम्बाब्वे के साथ सोमवार को खेले गए विश्व कप के अपने पहले मुकाबले से पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने कहा था कि बोलिंगर की टखने में मामूली चोट है और उसमें सुधार हो रहा है।

शुक्रवार को न्यूजीलैंड के साथ खेले गए मुकाबले में बोलिंगर को आस्ट्रेलियाई टीम के अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली। चयनकर्ताओं ने बोलिंगर की जगह स्थानापन्न खिलाड़ी की अब तक घोषणा नहीं की है। आस्ट्रेलिया का अगला मुकाबला पांच मार्च को श्रीलंका के साथ कोलम्बो में होगा।

गायक लाहिरु ने माफी मांगी :

'द सिडनी मॉर्निग हेराल्ड' (आस्ट्रेलियाई अखबार): आईसीसी क्रिकेट विश्व कप-2011 में श्रीलंका की विपक्षी टीमों के खिलाफ भड़काऊ गीत बनाने वाले श्रीलंकाई गायक लाहिरु परेरा ने माफी मांग ली है। श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे ने आदेश जारी कर इस भड़ाकाऊ गीत पर प्रतिबंध लगा दिया था।

परेरा द्वारा बनाए गए सिंहली और तमिल भाषा के म्यूजिक वीडियो को सुनने के बाद राजपक्षे ने इसे रेडियो और सभी टेलीविजन चैनलों से हटाने को कहा था।

समाचार पत्र 'द सिडनी मॉर्निग हेराल्ड' ने परेरा के हवाले से लिखा है, "मुझे इस पर गहरा अफसोस है और इसके लिए मैं माफी मांगता हूं।"

पत्र के मुताबिक परेरा ने कहा, "मैं एक बार फिर से यह बात दोहराना चाहता हूं कि मेरा इरादा विश्व कप में भाग ले रही किसी भी टीम का अनादर करने का नहीं था। मैंने इस गीत को श्रीलंकाई प्रशंसकों के उत्साहवर्धन के लिए बनाया था।"

विश्व कप के इस गाने को पिछले महीने श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के कप्तान कुमार संगकारा की उपस्थिति में लॉन्च किया गया था।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:59 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+