रॉस टेलर पांच रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं जबकि जेमी हाओ एक रन बनाकर उनका साथ निभा रहे हैं।
आस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसके विस्फोटक बल्लेबाज मैक्लम 12 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 16 रन बनाकर तेज गेंदबाज शॉन टेट की गेंद पर जेसन क्रेजा के हाथों लपके गए। मैक्लम का विकेट 20 के योग पर गिरा।
मार्टिन गुपटिल ने 25 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 10 रन बनाए। गुपटिल को शेन वाटसन ने बोल्ड किया। गुपटिल का विकेट 40 के योग पर गिरा। राइडर और गुपटिल ने दूसरे विकेट के लिए 20 रन जोड़े।
जेसी राइडर 31 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 25 रन बनाकर मिशेल जानसन की गेंद पर ब्रैड हैडिन के हाथों लपके गए। राइडर ने टेलर के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 26 रन जोड़े। राइडर का विकेट 66 के योग पर गिरा।
हरफनमौला जेम्स फ्रेंकलिन और स्कॉट स्टायरिस बिना खाता खोले पेवेलियन लौटे। फ्रेंकलिन को जानसन ने जबकि स्टायरिस को टेट ने हैडिन के हाथों कैच करवाया।
आस्ट्रेलिया की ओर से जानसन और टेट ने दो-दो विकेट झटके हैं जबकि एक विकेट वाटसन के खाते में गया है।
दोनों टीमों को ग्रुप 'ए' में रखा गया है और दोनों का यह दूसरा लीग मैच है। न्यूजीलैंड ने अपने पहले मुकाबले में केन्या को 10 विकेट से हराया था वहीं आस्ट्रेलिया ने अपने पहले मुकाबले में जिम्बाब्वे को 91 रनों से पराजित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।