बेंगलुरू के पुलिस आयुक्त शंकर बिदारी ने पत्रकारों से कहा, "हम भारत-इंग्लैंड मैच के लिए 3000 जवानों की तैनाती कर रहे हैं। इनमें 700 ट्रैफिक हवलदार भी हैं। हमने इस मैच के लिए पूरी तरह चुस्त सुरक्षा व्यवस्था की है।"
यह मैच पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कोलकाता में खेला जाना था लेकिन ईडन गरडस में निर्माण कार्य समय से पूरा नहीं होने के कारण इसे बेंगलुरू स्थानांतरित कर दिया गया।
इस मैच को लेकर स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह है। टिकटों के लिए जोरदार मारा-मारी चल रही है। गुरुवार को पुलिस ने टिकट के लिए पहुंचे लोगों पर लाठी बरसाई थी।
बिदारी ने कहा, "इस मैच के लिए शहर में आने वाले अंग्रेज प्रशंसकों को खास सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। इन प्रशंसकों ने बहुत पहले ही ऑनलाइन टिकट खरीदा है।"
बिदारी ने कहा कि इस मैच से पहले शहर में किसी तरह की साजिश की कोई खबर नहीं है। जहां तक सुरक्षा व्यवस्था की बात है तो बिदारी ने इसका विस्तृत ब्योरा देने से इंकार कर दिया। इसके पीछे उन्होंने सुरक्षा कारणों का हवाला दिया।
भारतीय टीम बेंगलुरू में अपना दूसरा मैच खेलेगी। उसने अपने पहले ग्रुप मुकाबले में बांग्लादेश को पराजित किया था जबकि इंग्लैंड की टीम नीदरलैंड्स को हराकर जीत का आगाज कर चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।