For Quick Alerts
ALLOW NOTIFICATIONS  
For Daily Alerts

क्रिकेट विश्व कप : आस्ट्रेलिया ने दिखाया दम, कीवियों को 7 विकेट से हराया (राउंडअप)

By Super

न्यूजीलैंड द्वारा जीत के लिए रखे गए 207 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आस्ट्रेलियाई टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर 34 ओवरों में 207 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। जानसन को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया।

आस्ट्रेलिया की शुरुआत धमाकेदार रही। सलामी बल्लेबाज ब्रैड हैडिन ने 50 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 55 रन बनाए। हामिश बैनेट ने हैडिन को जेम्स फ्रेंकलिन के हाथों कैच करवाया। हैडिन का विकेट 133 के योग पर गिरा।

इसके बाद वाटसन भी 62 रन बनाकर बैनेट के शिकार हो गए। वाटसन ने 61 गेंदों पर छह चौके और एक छक्का लगाया। हैडिन और वाटसन ने पहले विकेट के लिए 133 रनों की साझेदारी की। वाटसन का विकेट 136 के योग पर गिरा।

कप्तान रिकी पोंटिंग ने 28 गेंदों पर एक चौके की मदद से 12 रन बनाए। पोंटिंग को टिम साउदी की गेंद पर विकेट कीपर ब्रेंडन मैक्लम ने स्टंप आउट किया। पोंटिंग का विकेट 167 के योग पर गिरा। पोंटिंग ने उप कप्तान माइकल क्लार्क के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 31 रन जोड़े।

क्लार्क 37 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 24 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि कैमरन व्हाइट 28 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 22 रन बनाकर नाबाद लौटे।

न्यूजीलैंड की ओर से बैनेट ने सर्वाधिक दो विकेट झटके जबकि एक विकेट साउदी के खाते में गया।

इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की पूरी टीम 45.1 ओवरों में 206 रन बनाकर पेवेलियन लौट गई।

न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसके विस्फोटक बल्लेबाज मैक्लम 12 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 16 रन बनाकर तेज गेंदबाज शॉन टेट की गेंद पर जेसन क्रेजा के हाथों लपके गए।

मार्टिन गुपटिल ने 25 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 10 रन बनाए। गुपटिल को वाटसन ने बोल्ड किया। गुपटिल का विकेट 40 के योग पर गिरा।

जेसी राइडर 31 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 25 रन बनाकर जानसन की गेंद पर हैडिन के हाथों लपके गए। राइडर ने रॉस टेलर के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 26 रन जोड़े।

हरफनमौला जेम्स फ्रेंकलिन और स्कॉट स्टायरिस बिना खाता खोले पेवेलियन लौटे। फ्रेंकलिन को जानसन ने जबकि स्टायरिस को टेट ने हैडिन के हाथों कैच करवाया।

टेलर ने 22 गेंदों पर एक चौके की मदद से सात रन बनाए। टेट ने टेलर को बोल्ड किया। टेलर का विकेट 73 के योग पर गिरा। जेमी हाओ ने 47 गेंदों पर एक चौके की मदद से 22 रन बनाए। हाओ को स्टीवन स्मिथन ने पगबाधा आउट किया। हाओ ने नेथन के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 48 रन जोड़े।

नेथन ने बिखरती पारी को सम्भालने की कोशिश की और उन्होंने 76 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 52 रन बनाए। नेथन को जानसन ने पगबाधा आउट किया।

विटोरी ने 43 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 44 रन बनाए। विटोरी को ब्रेट ली ने हैडिन के हाथों लपकवाया। विटोरी ने नेथन के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 54 रन जोड़े।

साउदी छह रन बनाकर जानसन की गेंद पर कप्तान रिकी पोंटिंग के हाथों कैच आउट हुए। हामिश बैनेट बिना कोई रन बनाए नाबाद लौटे।

आस्ट्रेलिया की ओर से जानसन ने सर्वाधिक चार विकेट झटके जबकि टेट ने तीन विकेट चटकाए वहीं ली, वाटसन और स्मिथ के खाते में एक-एक विकेट गया।

मैच के बाद विजयी कप्तान पोंटिंग ने कहा, "हमारे लिए यह दिन अच्छा था। हमने न्यूजीलैंड जैसी अच्छी टीम को हराया। मैं इससे खुश हूं। मैंने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही कहा था कि हम चाहे किसी भी टीम के खिलाफ खेलें, हमारे तेज गेंदबाज भारतीय पिचों पर अच्छा प्रदर्शन करेंगे। हमारे गेंदबाज नई गेंद के साथ मैच दर मैच सुधार कर रहे हैं। बल्लेबाजी में शीर्ष क्रम ने शानदार खेल दिखाया। मुझे अपने बल्लेबाजों के प्रदर्शन से खुशी हो रही है।"

कीवी कप्तान विटोरी ने कहा, "हमारी बल्लेबाजी अच्छी नहीं रही। शुरुआत में तीन-चार विकेट गंवाना हमारे लिए महंगा पड़ा। नेथन मैक्लम ने अच्छी पारी की मदद से स्थिति को सुधारने का काफी प्रयास किया लेकिन शुरुआती गलतियों के कारण हम पर दबाव बना रह गया।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:59 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+