आयरलैंड की ओर से नियाल ओ' ब्रायन ने 52 गेदों पर तीन चौकों की मदद से सर्वाधिक 38 रन बनाए जबकि उनके भाई केविन ओ' ब्रायन के बल्ले से 37 रन निकले। केविन ने 40 गेंदों पर तीन चौके और आयरलैंड की ओर से मैच का एकमात्र छक्का लगाया।
बांग्लादेश की ओर से चार विकेट झटकने वाले शैफुल के अलावा कप्तान शाकिब अल हसन और मोहम्मद अशरफुल ने दो-दो विकेट लिए। बल्ले के साथ निराश करने वाले अशरफुल ने अपनी धीमी गेंदों का कमाल दिखाते हुए एंड्रयू व्हाइट और एड जॉयस को पेवेलियन की राह दिखाई।
अपनी पारी के मध्यांतर में आयरलैंड ने बांग्लादेश को परेशान कर दिया था। एक समय उसने छह विकेट खोकर 161 रन बना लिए थे लेकिन कविन का विकेट गिरने के साथ आयरलैंड की उम्मीदों पर पानी फिर गया।
इस जीत ने बांग्लादेश में नई ऊर्जा का संचार किया है। भारत के खिलाफ पहले मैच में मिसी 87 रनो की हार के बाद मेजबान टीम का हौसला काफी नीचे चला गया था लेकिन उसने अपना अगला मैच जीतकर उसे फिर से हासिल कर लिया है।
इस मैच में बांग्लादेश के पास बड़ा स्कोर खड़ा करके अपनी बल्लेबाजी की धार को दिखाने का अच्छा मौका था लेकिन वरिष्ठ बल्लेबाजों के लचर प्रदर्शन के कारण बांग्लादेश के हाथ से बड़ा स्कोर खड़ा करने का मौका निकल गया।
टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम ने निराशाजनक बल्लेबाजी करते हुए 49.2 ओवरों में सभी विकेट गंवाकर 205 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल ने सर्वाधिक 44 रन जोड़े जबकि रकीबुल हसन ने 38 और मुशफिकुर रहीम ने 36 रनों का योगदान दिया।
अंतिम क्षणों में नईम इस्लाम ने भी 29 रन बनाए। अनुशासित गेंदबाजी करने वाले आयरलैंड की ओर से आंद्रे बोथा ने सर्वाधिक तीन विकेट अपनी झोली में डाले। इसके अलावा जॉर्ज डाकरेल और ट्रेंट जॉन्सटन ने दो विकेट लिए। बांग्लादेश के दो खिलाड़ी रन आउट हुए।
बांग्लादेश के पास बड़ा स्कोर खड़ा करने का शानदार मौका था। तमीम और इमरुल कायेस की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 6.3 ओवरों में 53 रन जोड़कर उसे मनमाफिक शुरुआत दी थी लेकिन बाद में आने वाले बल्लेबाज इस मौके का फायदा नहीं उठा सके।
बांग्लादेश ने एक समय 86 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे लेकिन इसके बाद रहीम और रकीबुल ने पांचवें विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी कर विकेटों के पतझड़ को रोकने का काम किया।
सबसे पहले कायेस विदा हुए थे। कायेस ने 12 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 12 रन बनाए जबकि 61 रन के कुल योग पर जुनैद सिद्दीकी का विकेट गिरा। जुनैद तीन रन बना सके।
दूसरे छोर पर तमीम एक के बाद एक अच्छे शॉट खेलते हुए स्कोर में इजाफा कर रहे थे लेकिन 68 रन के कुल योग पर वह भी पेवेलियन लौट गए। तमीम ने 43 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 44 रन बनाए।
मुशफिकुर और कप्तान शाकिब अल हसन ने इसके बाद टीम को मुश्किल से उबारने की जिम्मेदारी ली लेकिन 86 रन के कुल योग पर शाकिब भी आउट हो गए। बांग्लादेश के लिए यह बड़ा झटका था।
इसके बाद 147 रन के कुल योग पर मुशफिकुर का विकेट गिरा। मुशफिकुर ने 66 गेंदों प दो चौके लगाए। मोहम्मद अशरफुल से टीम के बड़े स्कोर की उम्मीद थी लेकिन वह एक बार फिर नाकाम हुए। वह सिर्फ एक रन बना सके।
रकीबुल ने 69 गेंदों पर एक चौके की मदद से 38 रनों की उपयोगी पारी खेली जबकि नईम ने 38 गेंदों पर तीन चौके लगाए। शैफुल इस्लाम (2) सस्ते में पेवेलियन लौटे जबकि अब्दुर रज्जाक ने 16 गेंदों पर 11 रन बनाए। रूबेल हसन दो रन बनाकर नाबाद लौटे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।