अफरीदी ने कोलम्बो में श्रीलंका के खिलाफ खेले गए विश्व कप मुकाबले में शनिवार को कप्तान कुमार संगकारा का विकेट लेने के साथ 300 का आंकड़ा छुआ।
2 अक्टूबर, 1996 को नैरोबी में केन्या के खिलाफ अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय मुकाबला खेलने वाले अफरीदी एकदिवसीय मैचों में 300 या उससे अधिक विकेट लेने वाले दुनिया के 11वें और पाकिस्तान के तीसरे गेंदबाज हैं।
अफरीदी ने 313 मैचों में छह शतकों के साथ 6606 रन बनाने के अलावा 101 कैच भी लपके हैं। 30 वर्षीय अफरीदी विश्व कप में अब तक 17 विकेट ले चुके हैं।
पाकिस्तान के लिए इससे पहले वसीम अकरम ने 502 विकेट लिए हैं जबकि वकार यूनुस ने 416 विकेट झटके हैं। सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में अकरम दूसरे और वकार तीसरे स्थान पर हैं।
इस सूची में श्रीलंका के स्टार स्पिनर मुथैया मुरलीधरन पहले स्थान पर हैं। टेस्ट मैचों में 800 विकेट अपने नाम करने वाले मुरली ने एकदिवसीय मैचों में 522 विकेट झटके हैं।
मुरली ने विश्व कप में कुल 56 विकेट लिए हैं और सर्वाधिक सफल गेंदबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। पहला स्थान आस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्ग्राथ का है, जिनके नाम 71 विकेट हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।