278 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की टीम 50 ओवरों में नौ विकेट पर 266 रन ही बना सकी। पाकिस्तान की ओर से कप्तान शाहिद अफरीदी ने 34 रन देकर चार बल्लेबाजों को पेवेलियन की राह दिखाई। शोएब अख्तर ने दो विकेट लिए।
श्रीलंका की ओर से चमारा सिल्वा ने सर्वाधिक 57 रन बनाए जबकि कप्तान कुमार संगकारा ने 49 और तिलकरत्ने दिलशान ने 41 रनों की पारी खेली। उपुल थरंगा ने भी 33 रन बनाए।
इससे पहले, टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट खोकर 277 रन बनाए।
पाकिस्तान की ओर से मिस्बाह उल हक ने सर्वाधिक 83 रन बनाए। मिस्बाह अंत तक आउट नहीं हुए। यूनिस खान ने 72 रनों का योगदान दिया।
कामरान अकमल ने 39 रनों की उपयोगी पारी खेली। मोहम्मद हफीज ने भी 32 रन जोड़े।
श्रीलंका की ओर से रंगना हेराथ ने दो विकेट लिए जबकि थिसारा परेरा, एंजेलो मैथ्यूज और मुथैया मुरलीधरन को एक-एक सफलता मिली।
विश्व कप में पाकिस्तान की यह दूसरी जीत है। उसने अपने पहले मैच में केन्या को 205 रनों से हराया था। दूसरी ओर, कनाडा को 210 रनों से हराकर शानदार आगाज करने वाली श्रीलंकाई टीम की यह पहली हार है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।