पाकिस्तान के खिलाफ मिली हार के बाद संगकारा ने संवाददाताओं से कहा, "हमने पाकिस्तान की टीम को 277 रनों पर रोककर अच्छा काम किया था और बाद में हमें शुरुआत भी काफी अच्छी मिली थी, लेकिन आप जब 100 रनों के भीतर ही चार विकेट गंवा देते हैं तो काम काफी मुश्किल हो जाता है।"
श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान और उपुल थरंगा के बीच पहले विकेट के लिए 76 रनों की साझेदारी के बावजूद टीम का शीर्ष बल्लेबाज क्रम और मध्यक्रम पूरी तरह से बिखर गया। श्रीलंका ने अपने चार विकेट महज 20 रन के भीतर गवां दिए।
श्रीलंकाई कप्तान ने कहा कि इस विकेट पर 277 रनों का लक्ष्य हासिल किया जा सकता था। हम लक्ष्य के काफी करीब भी पहुंच गए थे लेकिन शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों ने अच्छा किया होता तो हम जीत सकते थे। मैच के अंदर सबसे महत्वपूर्ण क्षण थोड़े समय के भीतर ही कई विकेट गवांना था।
संगकारा ने कहा, "शोएब अख्तर ने माहेला जयवर्धने तथा अफरीदी ने दिलशान का विकेट ऐसे समय में लिया जब विकेट बचाने की जरूरत थी। महत्वपूर्ण मौकों पर विकेट मिलने से टीम लय में आ जाती है और ऐसा ही पाकिस्तान के साथ हुआ।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।