युवराज सिंह 32 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 27 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं जबकि कप्तान महेंद्र सिंह धौनी छह गेंदों पर एक चौके की मदद से छह रन बनाकर उनका साथ निभा रहे हैं।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत तेज रही। पारी की शुरुआत सहवाग और तेंदुलकर ने की। सहवाग ने 26 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 35 रन बनाए।
तेज गेंदबाज टिम ब्रेसनन ने सहवाग को मैट प्रायर के हाथों कैच करवाया। सहवाग ने तेंदुलकर के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 46 रन जोड़े।
गौतम गम्भीर 61 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 51 रन बनाए। वह स्पिन गेंदबाज ग्रीम स्वान की गेंद पर बोल्ड हो गए। गम्भीर ने तेंदुलकर के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 134 रन जोड़े। गम्भीर का विकेट 180 के योग पर गिरा।
तेंदुलकर ने 115 गेंदों पर 10 चौकों और पांच छक्कों की मदद से शानदार 120 रन बनाए। जेम्स एंडरसन ने तेंदुलकर को माइकल यार्डी के हाथों लपकवाया। इस दौरान तेंदुलकर ने एकदिवसीय करियर का 47वां शतक पूरा किया जबकि विश्व कप में उन्होंने पांचवां शतक लगाया। तेंदुलकर का विकेट 236 के योग पर गिरा।
इंग्लैंड की ओर से ब्रेसनन,स्वान और एंडरसन ने अब तक एक-एक विकेट चटकाए हैं।
दोनों टीमों का यह दूसरा मैच है। भारत ने अपने पहले मैच में सह मेजबान बांग्लादेश को 87 रनों से हराया था वहीं इंग्लैंड ने नीदरलैंड्स को छह विकेट से पराजित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।