SRH vs KKR: हैदराबाद ने जीता टॉस, उमरान मलिक को कराया डेब्यू, केकेआर ने भी किया एक बदलाव
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन का दूसरा लेग यूएई में खेला जा रहा है, जहां पर दुनिया की सबसे मशहूर क्रिकेट लीग अपने आखिरी चरण में पहुंच रही है। इस समय खेला जा रहा टूर्नामेंट का हर मैच प्लेऑफ में पहुंचने वाली टीम के लिये करो या मरो की परिस्थिति वाला है जिसमें एक हार किसी टीम का कैंपेन समाप्त कर सकती है। ऐसे ही एक मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम दुबई के अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलने उतरेगी। जहां पर केकेआर की टीम को प्लेऑफ की रेस में बरकरार रहने के लिये हर हाल में जीत की दरकार है तो वहीं पर प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर हो चुकी सनराइजर्स हैदराबाद पूरा प्रयास करेगी कि वो जीत के साथ कोलकाता का खेल बिगाड़ सके।
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। कप्तान केन विलियमसन का मानना है कि उनकी टीम रनों का बचाव करना जानती है और अगर बल्लेबाज अच्छा स्कोर खड़ा करने में कामयाब हो जाते हैं तो यहां पर केकेआर के लिये जीत पाना मुश्किल हो जायेगा। सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने अपनी गेंदबाजी में एक बदलाव करते हुए संदीप शर्मा को बाहर कर उमरान मलिक को मौका दिया है।
वहीं पर कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने भी अपनी प्लेइंग 11 में एक बदलाव किया है और टिम सेफर्ट की जगह हरफनमौला खिलाड़ी शाकिब अल हसन को मौका दिया है।
दुबई की पिच की बात करें तो यह वही ताजा मैदान है जिस पर शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच हाई स्कोरिंग मैच खेला गया था। इस मैच में सीएसके ने 189 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया लेकिन राजस्थान की टीम ने 15 गेंद पहले ही इस मैच को 7 विकेट से जीत लिया। ऐसे में केकेआर के बल्लेबाज पिच का फायदा उठाकर बड़ा स्कोर खड़ा करना चाहेंगे। वहीं पर हैदराबाद की टीम के लिये उसके बल्लेबाजों ने भले ही इस सीजन निराश किया है लेकिन गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है तो वहां पर केकेआर के लिये रन बनाना आसान नहीं होगा।
दोनों टीमों के बीच अब तक आईपीएल के इतिहास में 20 बार भिड़ंत हो चुकी है जिसमें 13 बार कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने जीत हासिल की है तो वहीं 7 बार सनराइजर्स हैदराबाद ने धूल चटाई है। इस सीजन जब चेन्नई के मैदान पर दोनों टीमें भिड़ी थी तो हैदराबाद की टीम जीत की कगार पर थी लेकिन आखिरी ओवर्स में उसने खराब बल्लेबाजी कर 10 रन से मैच को गंवा दिया।
कोलकाता नाइट राइडर्स (प्लेइंग इलेवन): शुभमन गिल, वेंकटेश अय्यर, राहुल त्रिपाठी, नितीश राणा, इयोन मोर्गन (c), शाकिब अल हसन, दिनेश कार्तिक (w), सुनील नरेन, शिवम मावी, टिम साउथी, वरुण चक्रवर्ती।
सनराइजर्स हैदराबाद (प्लेइंग इलेवन): जेसन रॉय, रिद्धिमान साहा (डब्ल्यू), केन विलियमसन (सी), प्रियम गर्ग, अभिषेक शर्मा, अब्दुल समद, जेसन होल्डर, राशिद खान, भुवनेश्वर कुमार, उमरान मलिक, सिद्धार्थ कौल।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications