भारतीय टीम में शामिल होने पर सामने आया वेंकटेश अय्यर का बयान, पता था कि ऐसा होगा
नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की आगामी अंतरराष्ट्रीय टी20 सीरीज के लिए टीम का ऐलान हो चुका है। सीरीज 17 नवंबर से शुरू हो रही है। इस सीरीज में कई नए खिलाड़ियों को माैका दिया गया है तो सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया गया है, जिसमें विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी शामिल हैं। वहीं हार्दिक पांड्या को बाहर किया गया जो फिटनेस से झूझ रहे हैं।
ऐसे में टीम में वेंकटेश अय्यर को माैका दिया गया है जिन्होंने आईपीएल 2021 में कोलकाता नाइट राइडर्ज (केकेआर) के लिए खेलते हुए धमाकेदार प्रदर्शन कर सुर्खियां बटोरीं थी। उन्होंने बताैर ओपनर लगातार रन बनाए। केकेआर को फाइनल में पहुंचाने में इस युवा खिलाड़ी की अहम भूमिका रही थी। अब टीम में जगह मिलने पर वेंकटेश अय्यर का बयान सामने आया है। उन्हें पता था कि वह टीम में एक दिन जगह बना लेंगे क्योंकि वह घरेलू क्रिकेट में शानदार खेल दिखा रहे थे।
यह भी पढ़ें- वो 3 भारतीय खिलाड़ी, जो हो सकते हैं 2022 में होने वाले T20 विश्व कप से बाहर

पता था कि एक दिन देश के लिए खेलूंगा
26 साल के अय्यर ने इंडियन एक्सप्रेस के हवाले से कहा, ''मैं यह कहना चाहता हूं कि सिर्फ आईपीएल के जरिए ही मुझे जगह नहीं मिली। मुझे पहले से विश्वास था कि मैं देश के लिए क्रिकेट खेलूंगा। जब भी मैं अपने राज्य मध्य प्रदेश के लिए रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली खेलता था तो मुझे हमेशा पता था कि अगर मैं घरेलू क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखूंगा तो एक दिन देश के लिए खेलूंगा। मुझे हमेशा से भरोसा था।'' वेंकटेश ने आईपीएल 2021 में खेले 10 मैचों में 370 रन बनाने के अलावा तीन विकेट भी चटकाए जिससे वह राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने में कामयाब हुए। वेंकटेश को हार्दिक पांड्या का विकल्प माना जा रहा है।

बल्लेबाजी पर जितना काम किया, उतना गेंदबाजी पर भी किया
वेंकटेश अय्यर अपनी छाप छोड़ने के लिए उतावले होंगे। तेज गेंदबाजों के चोटिल होने का खतरा होता है और अय्यर इस बात से अच्छी तरह वाकिफ हैं। इसलिए, उन्होंने अपने जूनियर दिनों से ही कार्यभार प्रबंधन पर ध्यान केंद्रित किया है। वेंकटेश ने कहा, "मेरा कार्यभार प्रबंधन अब तक अच्छा रहा है। मैं एक ऑलराउंडर हूं इसलिए मुझे खेल के दोनों पहलुओं पर समान रूप से ध्यान देना होगा। यही मैं अपने आयु-वर्ग के राज्य-स्तरीय दिनों से करता आ रहा हूं। मेरे लिए फिटनेस अब तक बहुत बड़ा मुद्दा नहीं रहा है।" उन्होंने कहा, "मैंने हमेशा खेल पर कड़ी मेहनत की है और यह मेरा लक्ष्य रहा है प्रदर्शन कभी फीका ना न हो। अगर आपको भारत के लिए खेलना है, तो आपको सभी प्रारूपों में लगातार बने रहना होगा और इसलिए मैंने खेल के दोनों विभागों में काफी काम किया है। मैंने अपनी बल्लेबाजी पर जितना काम किया है, मैंने अपनी गेंदबाजी पर भी उतना ही काम किया है।''

साथी खिलाड़ी से मिली चयन की जानकारी
इसके अलवा जब उनसे पूछा गया कि सेलेक्शन की जानकारी कैसे मिली तो उन्होंने इसे सबसे बेहतर अहसास बताया। वेंकटेश दिल्ली के होटल में थे जब मध्य प्रदेश की टीम के उनके साथी आवेश खान ने अपने और उनके राष्ट्रीय टीम में चयन की जानकारी उन्हें दी। अय्यर ने कहा, ''हमारा केरल के खिलाफ मैच था और आवेश मेरे कमरे में आए और मुझे बताया कि हम दोनों को राष्ट्रीय टीम के लिए चुन लिया गया है। बेशक इससे बेहतर कोई अहसास नहीं हो सकता।'' अगले टी20 विश्व कप में एक साल से भी कम समय बचा है। अय्यर राष्ट्रीय रंग में चमकने और ऑस्ट्रेलिया के लिए टिकट पाने के लिए तैयार होंगे। इसलिए, कीवी के खिलाफ इस युवा खिलाड़ी की अहम परीक्षा होगी।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
