IPL के इस सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम बिगाड़ सकती है दूसरी टीमों का खेल
नई दिल्ली। आईपीएल में पहली बार चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है। राजस्थान रॉयल्स की मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत के बाद चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेऑफ में पहुंचने की सभी उम्मीदों पर पानी फिर गया है। हालांकि चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ जीत दर्ज की है, लेकिन प्लेऑफ में पहुंचने की गणित खत्म हो गई है। चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल के इस सीजन में अभी दो मैच और खेलेगी। ऐसे में चेन्नई टीम के अगले दो मुकाबले काफी अहम हो सकते हैं।

चेन्नई बिगाड़ सकती है खेल
बेंगलुरू के खिलाफ 8 विकेट से जीत के बाद चेन्नई की टीम के भीतर फिर से ऊर्जा लौट आई है, ऐसे में अगर अगले दो मैच चेन्नई की टीम जीतती है तो वह बाकी टीमों का खेल जरूर बिगाड़ सकती है। चेन्नई की टीम ने अभी तक खेले गए 12 मैचों में से चार मैच जीते हैं जबकि 8 मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा। चेन्नई के अगले दो मुकाबले कोलकाता नाईट राइडर्स और किंग्स इलेवन पंजाब के साथ है। कोलकाता और पंजाब की टीमें अभी भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई हैं, ऐसे में चेन्नई के खिलाफ मैच में दोनों टीमों को जीत दर्ज करना काफी अहम है।

अगले दो मैच अहम
कोलकाता की टीम अभी तक खेले गए 11 मैचों में से 6 मैच में जीत दर्ज की है और मौजूदा समय में 12 अंक पाकर वह चौथे पायदान पर है। वहीं पंजाब की टीम की बात करें तो पंजाब की टीम 11 मैचों में से 5 मैच जीतकर 10 अंकों के साथ पांचवे पायदान पर है। जबकि हैदराबाद की टीम के पास 8 अंक है। चेन्नई सुपर किंग्स के पास भी 8 अंक हैं। लिहाजा अगर चेन्नई की टीम अगले दोनों मैच जीतती है तो उसके पास 12 अंक होंगे।

अंक तालिका में स्थिति
मौजूदा समय में अंक तालिका की बात करें तो मुंबई इंडियंस की टीम 11 मैच में से 7 मैच जीतकर पहले पायदान पर है। जबकि दिल्ली की टीम 11 मैच में से 7 मैच जीतकर 14 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर है। वहीं बेंगलुरू की टीम भी 11 मैच में से 7 मैच जीतकर तीसरे पायदान पर है। तीनों ही टीमों के कुल 14 अंक हैं, लेकिन रन रेट के आधार पर तीनों टीम पहले, दूसरे और तीसरे पायदान पर है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
