ओलंपिक में नीरज चोपड़ा ने पूरा किया मिल्खा सिंह का सपना, एथलेटिक्स में भारत को दिलाया पहला गोल्ड मेडल
नई दिल्ली। जापान में जारी ओलंपिक खेलों में भारतीय फैन्स के लिये खुशी की लहर उस वक्त दौड़ गई जब भालाफेंक में एथलीट नीरज चोपड़ा ने 87.58 मीटर का थ्रो कर टोक्यो 2020 का पहला गोल्ड दिलाया। इस पदक के साथ ही भारत का लगभग 100 सालों से ज्यादा का ओलंपिक में पदक जीतने का इंतजार भी खत्म हो गया है। नीरज चोपड़ा ओलंपिक में भारत के लिये एथलेटिक्स का पदक हासिल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गये है।
और पढ़ें: Tokyo 2020: अमेरिकी धावक ने रचा इतिहास, 10वां ओलंपिक मेडल जीत बनाया बड़ा रिकॉर्ड
इसके साथ ही नीरज चोपड़ा ने फ्लाइंग सिक्ख के नाम से मशहूर दिवंगत मिल्खा सिंह के सपने को भी पूरा किया जिनका निधन पिछले महीने कोरोना वायरस के संक्रमण का शिकार होने के बाद हो गया था। जब मिल्खा सिंह के जीवन पर आधारित फिल्म भाग मिल्खा भाग रिलीज होने वाली थी तो उसका प्रचार करते हुए इस दिग्गज खिलाड़ी ने अपने सपने के बारे में बताया था।
और पढ़ें: Tokyo 2020: पदक से बस एक कदम दूर हैं अदिति अशोक, ओलंपिक में बिना शोर किया फाइनल का सफर तय

100 साल बाद भारत को मिला पहला एथलेटिक्स का मेडल
मिल्खा सिंह ने कहा था कि उनका सपना है कि ओलंपिक के ट्रैक एंड फील्ड में जो काम वो नहीं कर सके वो कोई भारतीय खिलाड़ी पूरा कर सके। जिस दिन भारत के लिये कोई खिलाड़ी ओलंपिक में एथलेटिक्स में पदक जीतेगा मुझे लगेगा कि मैं भी उसी के साथ मेडल ले रहा होउंगा और मेरा सपना पूरा हो जायेगा।
उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम के लिये नीरज चोपड़ा एथलेटिक्स में पदक जीतने वाली दूसरे खिलाड़ी बने हैं, हालांकि पहला पदक भारत को आजादी से पहले आया था जब 1900 के ओलंपिक खेलों में नोर्मन पिचर्ड ने पुरुषों की 200 मीटर रेस में सिल्वर पदक हासिल किया था। उसके बाद से 121 साल बीत चुके थे और भारत को अपने पहले पदक का इंतजार था, हालांकि नीरज चोपड़ा ने गोल्ड मेडल जीतकर उस इंतजार को खत्म कर दिया।

गोल्ड जीतने वाले दूसरे खिलाड़ी बने नीरज
इतना ही नहीं भारत के लिये यह गोल्ड मेडल जीतकर नीरज चोपड़ा उन खिलाड़ियों की फेहरिस्त में शामिल हो गये जिन्होंने भारत के लिये ओलंपिक का गोल्ड हासिल किया है। नीरज चोपड़ा इंडिविजुअल इवेंट में भारत के लिये गोल्ड हासिल करने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गये हैं, उनसे पहले अभिनव बिंद्रा ने भारत के लिये साल 2008 में शूटिंग का गोल्ड मेडल हासिल किया था।
इतना ही नहीं भारतीय टीम के लिये ओलंपिक खेलों में अब तक किया गया सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी टोक्यो ओलंपिक के दौरान ही आया है। भारत ने ओलंपिक 2020 में 1 गोल्ड, 2 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल के साथ 7 पदक जीते हैं और पदक तालिका में 47वें पायदान पर खत्म किया। भारत ने इससे पहले 2012 के ओलंपिक खेलों में सबसे ज्यादा 6 पदक हासिल किये थे जिसमें उसने 2 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल हासिल किये थे।

किरण रिजिजू ने कहा- पूरा हुआ मिल्खा सिंह का सपना
नीरज चोपड़ा ने भालाफेंक के इस फाइनल इवेंट में पहला थ्रो 87.03 मीटर का किया और दूसरे थ्रो में उसे बेहतर करते हुए 87.58 कर दिया। इस थ्रो के साथ ही वह लगातार 6 प्रयासों में पहले पायदान पर बने रहे और गोल्ड मेडल जीत गये। उनके अलावा चेक रिपब्लिक के वाडज्लेज जाकूब ने 86.67 मीटर का थ्रो कर सिल्वर मेडल जीता तो वहीं पर चेक रिपब्लिक के ही वेसली वित्जस्लाव ने 85.44 मीटर का थ्रो कर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
नीरज चोपड़ा की जीत पर पूर्व खेल मंत्री किरण रिजिजू ने ट्वीट करते हुए लिखा कि इतिहास रचा जा चुका है, आखिरकार मिल्खा सिंह जी की इच्छा पूरी हो गई, भारत ने एथलेटिक्स में अपना पहला गोल्ड मेडल जीत लिया है। नीरज चोपड़ा और पूरे भारत के लिये एक स्वर्णिम पल, देश के लिये यह उपलब्धि हासिल करने के लिये बहुत बहुत बधाई।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications