नई दिल्ली। पेरिस में जारी तीरंदाजी विश्व कप के तीसरे स्टेज पर भारतीय महिला रिकर्व टीम में शामिल दीपिका कुमारी, कोमालिका बरी और अंकिता भकट ने भारत के लिये गोल्ड मेडल जीतने का काम किया। भारतीय महिला टीम का सामना विश्व कप फाइनल में मेक्सिको की टीम से हुआ जहां पर उसने 5-1 से मैच जीतने का काम किया और साल 2021 में दूसरा गोल्ड मेडल अपने नाम किया। विश्व तीरंदाजी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इस बात का ऐलान करते हुए जानकारी दी और लिखा कि भारत ने पेरिस में गोल्ड जीता है।
उल्लेखनीय है कि पेरिस में जारी विश्व कप स्टेज 3 ओलंपिक क्वालिफाइंग टूर्नामेंट नहीं है। शनिवार को अभिषेक वर्मा ने तीरंदाजी विश्वकप में अपना दूसरा निजी गोल्ड मेडल जीतने का काम किया था। अभिषेक वर्मा ने यूएसए के क्रिस स्कॉफ को शूट ऑफ में हराकर गोल्ड मेडल जीतने का काम किया था।
इसको लेकर प्रधानमत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने कार्यक्रम मन की बात में जिक्र किया और देशवासियों को आगे बढ़कर अपने एथलीटों का हौंसला बढ़ाने के लिये सोशल मीडिया पर चीयर फॉर इंडिया के साथ हैशटैग कर मैसेज भेजने की अपील की। पीएम मोदी ने कहा कि इस साल होने वाले टोक्यो ओलंपिक में जाने के लिये हमारे खिलाड़ी तैयार हो रहे हैं और देश का नाम रोशन करने की ओर बढ़ रहे हैं। अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने शिवपाल सिंह और भवानी देवी का नाम लेकर उन्हें बधाई देने का काम किया।
पीएम नरेंद्र मोदी के संबोधन को लेकर खिलाड़ियों ने भी अपनी ओर से धन्यवाद कहने का काम किया है। जैवलिन थ्रोअर शिवपाल सिंह ने पीएम मोदी को धन्यवाद करते हुए कहा आदरणीय प्रधानमंत्री के मुंह से अपना नाम सुनना और मन की बात के दौरान अपने परिवार के बारे में सुनना अपने आप में बड़े सम्मान की बात है। मैं ओलंपिक की तैयारियों में अपनी जान लगा रहा हूं।
और पढ़ें: Tokyo Olympics में इतिहास रचने की कगार पर हैं सानिया मिर्जा, ऐसा करने वाली पहली भारतीय महिला बनेंगी
वहीं तलवारबाजी में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली भवानी देवी ने भी पीएम मोदी को धन्यवाद करने का काम किया और कहा कि मन की बात में प्रधानमंत्री के मुंह से अपनी मां के संघर्ष और त्याग की कहानी सुनना प्रेरणादायक रहा और मैं अपने देश का नाम रोशन करने के लिये तैयारी जारी रखूंगी।