नजरिया : बारिश के चलते 'विराट सेना' बदले अपना प्लान, दो दिग्गज हैं, लेकिन एक को बाहर करना होगा
स्पोर्ट्स डेस्क(राहुल) : आखिर वो ही हुआ जिसकी संभावना थी। यानी कि साउथेंप्टन में बारिश आई और आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भिड़ने के लिए तैयार बैठी भारत-न्यूजीलैंड टीम को ड्रेसिंग रूम में मैच का पहला दिन बिताना पड़ा। करोड़ों क्रिकेट फैंस इस मुकाबले के शुरू होने का इंतजार कर रही थे, लेकिन बिना टाॅस हुए ही मैच का पहला दिन बारिश की भेंट चढ़ गया। 'विराट सेना' ने कीवियों को पटखनी देने के लिए पूरा प्लान तैयार कर लिया था, यहां तक कि वीरवार शाम उन्होंने अपनी प्लेइंग इलेवन घोषित करते हुए सब साफ कर दिया था कि काैन से खिलाड़ी दम दिखाते दिखेंगे। उधर, कीवी खेमा अलर्ट रहा। वह जानता था कि यह इंग्लैंड है जहां का माैसम कभी भी गिरगिट की तरह रंग बदल सकता है। यही वजह रही कि उन्होंने मैच शुरू होने से पहले अपनी प्लेइंग इलेवन घोषित नहीं की। पहले दिन बारिश के बरसने से अब कीवी खेमे में भी टीम चुनने की रणनीति बनी हुई है। वहीं भारत, जो प्लेइंग इलेवन घोषित कर चुका है, उसे अब अपना प्लान बदलना होगा।

आखिर क्या है वो प्लान?
अब सवाल है कि आखिर क्या है वो प्लान जिसे अब टीम को माैके पर ही बदलना होगा। तो हम आपको समझाते हैं। दरअसल, 'विराट सेना' पिच को देखते हुए दो स्पिनरों के साथ यानी कि रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन के साथ उतरने का प्लान बना चुकी थी। लेकिन बारिश के कारण पहले दिन का खेल ना होने के बाद अब टीम को अपना प्लान बदलना होगा। अब पिच और माैसम के लिहाज से मदद तेज गेंदबाजों को मिलने वाली है। बाकी बचे दिनों में भी हल्की बारिश होने की संभावना है। ऐसे में गिली पिच पर तेज गेंदबाजों को मदद मिलने वाली है वहीं स्पिन गेंदबाजों के हाथ में कुछ खास नहीं लगने वाला। अब टीम मैनेजमेंट को चाहिए कि दो के बजाए एक स्पिन के साथ उतरे ताकि बल्लेबाजी क्रम को मजबूत करने के लिए एक बल्लेबाज को प्लेइंग इलेवन में जोड़ा जाए। बचे दिनों में एक-एक रन अहम रहने वाला है। पिच तेज गेंदबाजों को सपोर्ट करने जा रही है, ऐसे में कीवी खेमा भी 4 तेज गेंदबाजों के साथ उतरना चाहेगा। वहीं भारत को भी अब प्लेंइग इलेवन में बदलाव करना होगा। वैसे भी टाॅस होने से पहले किसी भी समय कप्तान के पास टीम बदलने का माैका रहता है।

दो दिग्गज हैं, लेकिन एक को बाहर करना होगा
अब विराट कोहली और कोच रवि शास्त्री के सामने बड़ी चुनाैती है। वो यह है कि जडेजा को बाहर किया जाए या अश्विन। दोनों ऐसे खिलाड़ी हैं जो गेंद से मैच बदलने का दम तो रखते हैं, लेकिन शतक लगाने के लिए भी जान लगाते हैं। अश्विन अपने टेस्ट करियर में 5 शतक लगा चुके हैं। वहीं जडेजा के नाम एक टेस्ट शतक है, लेकिन उनके बल्ले से कई अहम पारिया भी निकली हैं। अब कोहली को दोनों के बीच एक को चुनना होगा। अगर बैटिंग के लिहाज से देखा जाए तो जडेजा फाॅर्म में हैं, जो पिछले तीन सालों से रन भी उगल रहे हैं।

पंत को 7वें नंबर पर आजमाया जा सकता है
अगर टीम इंडिया किसी अब अश्विन या जडेजा की जगह किसी एक बल्लेबाज को चुनती है तो फायदा मिलने की अधिक संभावना है। ऐसे में टीम के पास विकल्प के रूप में मयंक अग्रवाल भी हैं और केएल राहुल भी। अगर रोहित शर्मा के साथ शुबमन को उतारना मैनेजमेंट सही समज रहा है तो फिर मयंक और राहुल ऐसे बल्लेबाज हैं तो तीसरे स्थान पर भी बल्लेबाजी कर सकते हैं। ऐसे में पंत को 7वें नंबर पर आजमाया जा सकता है। अगर तेज गेंदबाजी विभाग को मजबूत करना है तो फिर बिना सोचे समझे एक स्पिन गेंदबाज के साथ टीम 4 तेज गेंदबाज भी उतारे। चाैथे तेज गेंदबाज के रूप में फिर मोहम्मद सिराज हैं, जिन्होंने हाल ही में आस्ट्रेलिया-इंग्लैंड के खिलाफ घातक गेंदबाजी कर सबको चाैंकाया था।
खैर, कीवी खेमा अब 4 गेंदबाजों के साथ उतर सकता है, लेकिन अब देखना यह बाकी है कि मैच का पहला दिन बारिश में धुलने के बाद 'विराट सेना' अपना प्लान बदलती है या नहीं। पर माैसम को देखते हुए यह साफ है कि पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार साबित होने वाली है क्योंकि स्पिन गेंदबाजों को मदद तभी मिलती है जब पिच सूखी हो, लेकिन साउथेंप्टन में बचे दिनों में भी बारिश होने की उम्मीद है। हालांकि अभी भी मैच 5 दिन तक चल सकता है क्योंकि रिजर्व डे के रूप में एक दिन है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
