'लोग सोचते हैं ज्यादा टेस्ट खेलने वाला टी-20 में अच्छा नहीं कर सकता: चेतेश्वर पुजारा
नई दिल्ली। टीम इंडिया के वरिष्ठ बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा आईपीएल में लंबे समय के बाद वापसी करने के लिए तैयार हैं। आखिरी बार आईपीएल के 8वें सीजन का हिस्सा थे, जिसके बाद एक बार फिर से पुजारा आईपीएल की टीम में वापसी कर रहे हैं। आईपीएल की नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने उन्हें खरीदा है। सीएसके ने चेतेश्वर पुजारा को 50 लाख रुपए में खरीदा है।

आईपीएल में 100 के करीब है स्ट्राइक रेट
चेतेश्वर पुजारा ने अपना पहला आईपीएल मैच 2010 में कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से खेला था, उसके बाद पुजारा आरसीबी टीम का हिस्सा बने और फिर 2014 में किंग्स इलेवन पंजाब का हिस्सा बने। इसके बाद से चेतेश्वर पुजारा को किसी भी आईपीएल फ्रेंचाइजी ने नहीं खरीदा था। आईपीएल में पुजारा के प्रदर्शन की बात करें तो 22 पारियों में पुजारा ने 99.74 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। लेकिन एक बार फिर से लंबे समय के बाद वापसी को लेकर पुजारा काफी उत्साहित हैं।

मुझे पर्याप्त अवसर नहीं मिला
पुजारा ने कहा कि निसंदेह यह लंबे समय के बाद वापसी है, आखिरी बार मैंने किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से खेला था। मेरा आखिरी मुकाबाल शायद मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े मैदान में 2014 में था। आईपीएल में वापसी मेरे लिए काफी खास है। यह दुनिया की सबसे अच्छी लीग है, मैं काफी लंबे समय से इसका हिस्सा नहीं था। मुझे पता है कि मैं अच्छा कर सकता हूं लेकिन मुझे पर्याप्त अवसर नहीं मिला।

मैं यहां भी अच्छा कर सकता हूं
चेतेश्वर पुजारा ने कहा कि लोगों में ऐसी धारणा है कि जो खिलाड़ी ज्यादा टेस्ट मैच खेलता है उन्हें छोटे फॉर्मेट में नजरअंदाज किया जाता है। लिहाजा अगर आप अपनी क्षमता वनडे और टी-20 में साबित करते हैं तो भी आपको बहुत कम मौके मिलते हैं। जब घरेलू मैच सीमित ओवर के हो रहे होते हैं तो मैं भारतीय टीम के लिए खेलने में व्यस्त रहता हूं। लेकिन मुझे जब भी सफेद गेंद से खेलने का मौका मिलता है, मैं अच्छा प्रदर्शन करता हूं। मुझे पता है कि मैं यहां भी अच्छा कर सकता हूं लेकिन मुझे अपनी प्रतिभा दिखाने का पर्याप्त मौका नहीं मिला। जब मुश्ताक अली और विजय हजारे ट्रॉफी हो रही थी तो मैं टीम इंडिया के साथ खेलने में व्यस्त था।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
