एडिलेड में हुए टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को एक पारी और 71 रनों के विशाल अंतर से शिकस्त दी है.
इस तरह इंग्लैंड एशेज़ में 1-0 से आगे हो गया है. इस टेस्ट की पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 245 रन बनाकर आउट हो गई थी.
जबकि इंग्लैंड की टीम ने अपनी पहली पारी पाँच विकेट पर 620 रनों पर घोषित कर दी थी.
अपनी दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने चौथे दिन चार विकेट के नुकसान पर 238 रन बनाए.
पाँचवे दिन ऑस्ट्रेलिया ने 238 से आगे खेलना शुरु किया. एक बार लगा था कि माइक हसी शायद अपनी टीम को ड्रॉ की ओर ले जाएँ.
वे 52 रन बनाकर आउट हुए. पांचवे दिन ऑस्ट्रेलिया के बाकी विकेट महज़ 66 रनों के अंतराल में गिर गए.
जबकि उसे 137 रन चाहिए थे. इस तरह इंग्लैंड ने मैच एक पारी और 71 रनों से जीत लिया.
पीटरसन का दोहरा शतक
एडिलेड टेस्ट का मुख्य आकर्षण रहा केविन पीटरसन का दोहरा शतक. उन्होंने पहली पारी में 308 गेंदों में 227 रन बनाए जिसमें 33 चौके शामिल हैं.
जबकि कुक ने 148 रन जोड़े थे. इनकी बदौलत ही इंग्लैंड 620 का विशाल स्कोर खड़ा कर पाया था.
पहला एशेज़ टेस्ट
घरेलू मैदान पर खेलेते हुए एशेज़ गंवाने का ऑस्ट्रेलिया पर ख़तरा मंड़रा रहा है.
अगर इंग्लैंड पर्थ में होने वाले एशेज़ का तीसरा टेस्ट मैच जीत लेता है तो वे सिरीज़ अपने नाम कर लेगा.
इस बीच इंग्लैंड के लिए बुरी ख़बर है कि स्टुयर्ट ब्रॉड चोट के कारण बाक़ी की एशेज़ सिरीज़ में नहीं खेल पाएँगे.
वहीं ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज़ साइमन कैटिच भी चोट के कारण शायद बाक़ी की एशिज़ सिरीज़ में न खेल पाएँ.